विद्या महाशक्ति पीठ में महाआरती के साथ मां को चढ़ाया 56 भोग

kaonebroadcast@gmail.com
41
3 Min Read
56 offerings were offered to the Mother Goddess along with Maha Aarti at Vidya Mahashakti Peeth.

रेवाँचल टाईम्स – मंडला, जिले में विद्या महाशक्ति पीठ के दर्शन के लिए हजारों की संख्या में प्रतिदिन धर्मप्रेमी खैरी पहुंच रहे हैं विशाल पंडाल में विराजी विद्या महाशक्ति दस पीठ के दर्शन के लिए सुबह से लेकर देर रात तक धर्मप्रेमियों का आना जाना लगा रहता है। वहीं समिति के द्वारा लगातार धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं।

बड़ी खैरी सिद्ध दुर्गा उत्सव समिति के तत्वाधान में नवरात्रि के अष्टमी पर्व पर भव्य महाआरती और 56 भोग का आयोजन किया गया। यहां पर ओम युवा मंडल किला वार्ड के द्वारा मधुर संगीत से महाआरती कराई गई इस महाआरती में हजारों की संख्या में धर्मप्रेमी पहुंचे वहीं भाव खेलते भक्त देखे गए पूरा परिसर मां जगत जननी जगदंबा के जयकारों से गूंज उठा।

मां को विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं को विद्या महाशक्ति पीठ के दिव्य दर्शन करने का सौभाग्य मिला। आस्था के इस परिसर में आस्था का ऐसा अनुपम दृश्य देखने को मिला जब माता की महाआरती के समय दीपों की लौ और भक्ति रस में डूबे भजनों की धुन से पूरा वातावरण अलौकिक बन गया। पुलिस प्रशासन ने व्यवस्था में विशेष सहयोग दिया, जिससे भीड़ के बीच श्रद्धालुओं को दर्शन करने में किसी तरह की असुविधा न हो।

वहीं परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी परिसर में आनंद मेला का आयोजन किया गया जिसने भक्ति और उत्साह का रंग और भी गहरा कर दिया। आनंद मेले में झूले मनोरंजन के साधन और तरह-तरह की सामग्री की दुकानें सजीं जहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मंडला जिला ही नहीं बल्कि आसपास के ग्रामीण अंचलों से भी भक्तजन मां के दर्शन और मेले का आनंद लेने उमड़ पड़े।

नवरात्रि के इस पावन पर्व पर मां जगदंबा के चरणों में सिर नवाकर श्रद्धालु स्वयं को धन्य मान रहे हैं। पूरा क्षेत्र आस्था और भक्ति से सराबोर हो उठा है। विद्या महाशक्ति पीठ उन देवियों की देवी कहलाती है जो संपूर्ण जगत की आधारशक्ति मानी जाती हैं। यहां माता के स्वरूप को विद्या शक्ति और भक्ति का संगम माना जाता है। मान्यता है कि इस पीठ में दर्शन मात्र से साधक को विद्या, बुद्धि, बल और सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है। इसी आस्था के चलते नवरात्रि पर्व पर यहां श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ता है।

Share This Article
Translate »