बजाग नगर में भव्य रूप से मनाई गई मां कर्मा बाई जयंती,

Revanchal
22
2 Min Read

राम मंदिर परिसर में साहू समाज ने दिया एकजुटता का संदेश,धार्मिक कार्यक्रम हुए आयोजित,

दैनिक रेवांचल टाइम्स,,बजाग। साहू समाज की आराध्य देवी, भक्ति-त्याग और समर्पण की प्रतीक मां कर्मा बाई की जयंती नगर में हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। साहू समाज के तत्वाधान में स्थानीय राम मंदिर में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के महिला-पुरुषों सहित बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्ति, आस्था और उत्साह का वातावरण बना रहा।


सुबह से ही साहू समाज के लोग राम मंदिर में एकत्रित हुए, जहां विधि-विधान से मां कर्मा बाई की पूजा-अर्चना की गई। महिलाओं ने श्रद्धापूर्वक आरती उतारी और भजन-कीर्तन कर माहौल को भक्तिमय बना दिया।

धार्मिक अनुष्ठानों के साथ कथा-पूजन का भी आयोजन किया गया, जिसमें मां कर्मा बाई के जीवन और उनकी भक्ति की महिमा का वर्णन किया गया।
जयंती के अवसर पर मां कर्मा बाई से जुड़ी वह प्रसिद्ध कथा भी सुनाई गई,

जिसमें बताया गया कि उन्होंने अपनी सच्ची भक्ति और प्रेम से भगवान कृष्ण को खिचड़ी खिलाई थी। कहा जाता है कि उनकी निष्कपट भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान स्वयं उनके घर खिचड़ी खाने आए थे। यही कारण है कि साहू समाज में मां कर्मा बाई जयंती विशेष श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जाती है।


इस अवसर पर समाज की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें समाज की एकता, संगठन और सामाजिक गतिविधियों को लेकर चर्चा की गई। कार्यक्रम के अंत में राम मंदिर परिसर में समाजजनों के सहयोग से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें ग्राम के लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया।


इस आयोजन को सफल बनाने में साहू समाज के समाजसेवियों, महिला मंडल तथा नगरवासियों का विशेष सहयोग रहा। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्ति और सामाजिक एकता का संदेश देखने को मिला।

Share This Article
Translate »