बजाग में नवनिर्मित श्री राममंदिर में रामनवमी पर भव्य आयोजन, हवन-पूजन, भंडारा व विशाल शोभायात्रा निकाली गई

Revanchal
22
3 Min Read

दैनिक रेवांचल टाइम्स बजाग – नगर में नवनिर्मित श्री राममंदिर में रामनवमी के पावन अवसर पर अत्यंत भव्य एवं श्रद्धामय आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर विधि-विधान से हवन-पूजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ प्राप्त किया। सायंकालीन भगवान श्रीराम, माता सीता एवं लक्ष्मण जी की मनोहारी झांकी के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें पूरा नगर “जय श्रीराम” के जयघोष से गूंज उठा।


इस अवसर पर नौ दिवसीय रामकथा का भी विधिवत समापन हुआ। कथा के दौरान प्रतिदिन दूर-दराज से हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर कथा का श्रवण किया । प्रख्यात कथावाचक पंडित कालका प्रसाद शास्त्री के मुखारविंद से श्रीराम कथा का रसपान कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।


राममंदिर समिति एवं सकल साहू समाज के तत्वाधान में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में विभिन्न आश्रमों से पधारे संत-महात्माओं का श्रद्धा एवं आदरपूर्वक स्वागत-अभिनंदन किया गया। तत्पश्चात संत समागम का आयोजन भी हुआ, जहां उपस्थित श्रद्धालुओं ने संतों के सानिध्य में आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया। रामनवमी के दिन भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।


आयोजन के दौरान प्रतिदिन विशिष्ट अतिथियों का आगमन होता रहा। विभिन्न दिनों में कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त साहू समाज के प्रदेशाध्यक्ष रविकरण साहू, क्षेत्रीय सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष रुदेश परस्ते, एवं एसडीएम रामबाबू देवांगन, एस डी ओ पी पुलिस विवेक कुमार गौतम थानाप्रभारी शिवलाल मरकाम सहित अनेक गणमान्य नागरिको की उपस्थिति प्रमुख रही है।

सभी अतिथियों ने भगवान श्रीराम एवं माता सीता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा आयोजन की सराहना की।
रामनवमी के अवसर पर साधु-संतों का विशेष आगमन हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने उनके चरण पखार कर आशीर्वाद लिया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह का अद्भुत वातावरण बना रहा।

ठाकुरदेव में हुआ जवारो का विसर्जन एवं भंडारा

आवास मोहल्ला स्थित प्राचीन ठाकुर देव की मढ़िया में चैत्र नवरात्रि के समापन पर जावरा विसर्जन का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान के साथ जवारे विसर्जित किए।

इस अवसर पर भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। धार्मिक माहौल में भक्ति और आस्था का सुंदर संगम देखने को मिला।

Share This Article
Translate »