जवारे विसर्जन के साथ सम्पन्न हुआ चैत्र नवरात्रि पर्व, ग्रामीण अंचलों में धूमधाम मनाई गई रामनवमी

Revanchal
46
2 Min Read

घोपतपुर में जवारे हुए विसर्जित

दैनिक रेवांचल टाइम्स बजाग – अंचल के ग्रामीण क्षेत्रों में चैत्र नवरात्रि का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। रामनवमी के अवसर पर मुख्यालय से लगे गांवों में दिनभर धार्मिक अनुष्ठान, हवन-पूजन और भंडारे का आयोजन चलता रहा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां दुर्गा से सुख-समृद्धि की कामना की।


नवरात्रि के समापन पर मनोकामना पूर्ण होने की आस्था के साथ विभिन्न स्थानों पर बोए गए जवारे कलश का विधिवत विसर्जन किया गया। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में खासा उत्साह देखने को मिला। आतिशबाजी और बैंड-बाजों की मधुर धुनों के बीच श्रद्धालु नाचते-गाते हुए जुलूस के रूप में निकले। महिलाओं में विशेष उत्साह नजर आया, जो सिर पर जवारे कलश की टोकनी रखकर कतारबद्ध तरीके से नदी तट तक पहुंचीं।


ग्राम घोपतपुर के आमाटोला स्थित अमरसिंह पंडा के दैवीय धाम में स्थापित लगभग 163 जवारे कलशों का विसर्जन बड़े ही धूमधाम से किया गया। इस भव्य जुलूस में वनग्राम पिपरिया सहित आसपास ग्रामों के सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हुए। श्रद्धालु मातारानी के जस-गीत गाते हुए शाम करीब चार बजे जावरा नाले तक पहुंचे, जहां विधिपूर्वक कलशों का विसर्जन किया गया।


विसर्जन के उपरांत भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ लिया। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा। इस दौरान पुलिस का सहयोग भी प्राप्त हुआ।

Share This Article
Translate »