छिंदवाड़ा को मिली बड़ी सौगात इमलीखेड़ा चौक पर 2 करोड़ की लागत से बनेगा हाईटेक फायर स्टेशन

Revanchal
4
3 Min Read

​सांसद बंटी विवेक साहू और महापौर विक्रम अहके ने किया भूमिपूजन; वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से जुड़ा होगा स्टेशन, जल संरक्षण का बनेगा मॉडल

रेवांचल टाइम्स ​छिंदवाड़ा
जितेन्द्र अलबेला

नगर की सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में बुधवार को एक बड़ा कदम उठाया गया। इमलीखेड़ा चौक पर लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक फायर स्टेशन का भूमिपूजन सांसद बंटी विवेक साहू एवं महापौर विक्रम अहके के करकमलों द्वारा संपन्न हुआ।

​2 एकड़ में फैला होगा अत्याधुनिक परिसर
​यह नवीन फायर स्टेशन लगभग 2 एकड़ के विस्तृत क्षेत्र में बनाया जा रहा है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता इसका ईको-फ्रेंडली होना है। यह स्टेशन सीधे पाइपलाइन के जरिए वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से जुड़ा रहेगा। आग बुझाने के लिए शुद्ध पेयजल की बर्बादी रोकने हेतु यहां उपचारित जल का उपयोग किया जाएगा, जो जल संरक्षण की दिशा में एक अनुकरणीय पहल होगी।


​त्वरित रिस्पॉन्स और बेहतर कनेक्टिविटी
​भूमिपूजन के उपरांत जनसमूह को संबोधित करते हुए सांसद साहू ने कहा, “नगरवासियों की यह पुरानी मांग थी। इस स्टेशन के बनने से आगजनी की घटनाओं पर तत्काल काबू पाया जा सकेगा और जान-माल के नुकसान को न्यूनतम किया जा सकेगा। भविष्य में यह स्टेशन पड़ोसी जिलों की सहायता के लिए भी तैयार रहेगा।” उन्होंने महापौर के प्रयासों की सराहना करते हुए बताया कि जल्द ही शहर को शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और नए स्टेडियम जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी।


​यातायात को ध्यान में रखकर चुनी गई लोकेशन
​महापौर विक्रम अहके ने बताया कि इमलीखेड़ा चौक का चयन रणनीतिक रूप से किया गया है। यहाँ से फायर ब्रिगेड के वाहनों को शहर के किसी भी कोने में पहुंचने में यातायात की बाधा कम से कम आएगी। उन्होंने इसे शहर के विकास में एक मील का पत्थर बताया।

​इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
​कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त सी.पी. राय, मंडल अध्यक्ष श्रीमती लीला बाजोलिया, सौरभ ठाकुर, नवीन वार्सकर और अंकुर शुक्ला प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। साथ ही नगर निगम के विभिन्न विभागों के सभापति
​श्रीमती नमिता सक्सेना (लोक निर्माण), श्रीमती प्रवीण अल्डक (स्वच्छता), राहुल उईके (IT), रंगू यादव (सामान्य प्रशासन)।
चंद्रभान देवरे (वित्त), प्रमोद शर्मा (विद्युत), बलराम साहू (राजस्व), श्रीमती शिल्पा पहाड़े (शहरी गरीबी उपशमन)।
​श्रीमती सुनीता पाटिल (यातायात) एवं श्रीमती अरुणा कुशवाहा (जलकार्य) सहित पार्षदगण और निगम अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
Translate »