पांच लाख की लागत से बनी सड़क एक महीने में ही चटकी,
दैनिक रेवांचल टाइम्स बजाग – जनपद पंचायत बजाग से महज 2 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत परडिया डोंगरी के वार्ड क्रमांक 1 में निर्मित सीसी सड़क निर्माण में अनियमितताओं का मामला अब और गहराता नजर आ रहा है। पांचवें राज्य वित्त आयोग योजना अंतर्गत संतोष के घर से कोदू नंदा के घर तक 100 मीटर सीसी सड़क निर्माण कार्य 20 दिसंबर 2025 को स्वीकृत हुआ था, जिसकी लागत 4 लाख 99 हजार रुपये बताई गई थी।
ग्रामीणों द्वारा पहले ही निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता पर सवाल उठाए गए थे। आरोप था कि पुराने सीसी सड़क के ऊपर बिना बेस डाले ही तीन से चार इंच कंक्रीट ढलाई कर दी गई, घटिया रेत का उपयोग किया गया और वाइब्रेटर मशीन का भी इस्तेमाल नहीं किया गया। साथ ही कई स्थानों पर सड़क की मोटाई भी मानक से कम बताई गई थी।
अब निर्माण के लगभग डेढ़ माह बाद ही सड़क में दरारें दिखाई दे रही हैं, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मार्च महीने में सड़क निर्माण के दौरान कंक्रीट की तराई सही ढंग से नहीं की गई, जिसके चलते यह स्थिति निर्मित हुई है। उन्होंने बताया कि निर्माण के एक महीने के भीतर ही सड़क पर दरारें दिखने लगी थीं, जिससे साफ है कि निर्माण कार्य में लापरवाही बरती गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण के समय ही गुणवत्ताहीन सामग्री का उपयोग किया गया था और इस संबंध में शिकायत के बाद जिम्मेदारों ने जांच की बात कही थी। हालांकि जांच हुई या नहीं, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। वहीं, आरोप यह भी है सूत्रों कि माने तो उपयंत्री की मिलीभगत से घटिया निर्माण के बावजूद सड़क का भुगतान किया जा है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही न हो और ग्राम विकास के कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे।
