रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
जिले में अवैध मादक पदार्थों के विक्रय और परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत परासिया पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन तथा एसडीओपी परासिया जितेन्द्र जाट के मार्गदर्शन में पुलिस ने दबिश देकर भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त की है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार 10 मई 2026 को पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम छितरी मार्ग पर अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी कंचन सिंह राजपूत ने तत्काल टीम गठित कर घेराबंदी की।
जब्ती और कार्रवाई
पुलिस टीम ने ग्राम छितरी निवासी आरोपी संजू धुर्वे को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से 22 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। जब्त की गई शराब की कुल कीमत लगभग 10,720 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामला विवेचना में लिया है।
टीम की विशेष भूमिका
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक कंचन सिंह राजपूत, सउनि बालकृष्ण तिवारी, प्रधान आरक्षक वैदेही पटेल, अनिल कारीगर, शरद चौहान, आरक्षक मोहन शर्मा एवं हर्षित कोल्हे की सराहनीय भूमिका रही।
एसडीओपी परासिया जितेन्द्र जाट ने कहा है कि,अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। क्षेत्र में शांति व्यवस्था और नशामुक्ति के लिए पुलिस का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
