प्रशासन का बड़ा हंटर अमानक प्लास्टिक और डिस्पोजल के ठिकानों पर छापेमारी, दो वेयरहाउस सील

Revanchal
3 Min Read

रेवांचल टाइम ​छिंदवाड़ा

पर्यावरण संरक्षण और सुप्रीम कोर्ट के सख्त आदेशों के अनुपालन में जिला प्रशासन ने बुधवार को अवैध प्लास्टिक कारोबारियों पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर हरेंद्र नारायन के निर्देशन में संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न केंद्रों पर छापामार कार्रवाई करते हुए न केवल भारी मात्रा में अमानक डिस्पोजल जब्त किए, बल्कि दो बड़े वेयरहाउस को भी सील कर दिया।

​सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद एक्शन मोड में प्रशासन
​हाल ही में सुप्रीम कोर्ट द्वारा सिविल अपील (6174/2023 एवं 7728/2023) में पारित आदेश और प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट नियम 2016 के कड़े प्रावधानों के तहत यह कार्रवाई की गई। प्रशासन का संदेश साफ है, शहर में अमानक प्लास्टिक का उपयोग और बिक्री अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


​रामगढ़ी और इमलिया बोहता में वेयरहाउस सील
​कार्यवाही की सबसे बड़ी गाज ग्राम रामगढ़ी और इमलिया बोहता पर गिरी
​रामगढ़ी, राजस्व निरीक्षक मंडल घाट परासिया के अंतर्गत अनिल कुमार जैन के वेयरहाउस में अवैध रूप से अमानक प्लास्टिक डिस्पोजल का निर्माण किया जा रहा था। अधिकारियों ने मौके पर अमित कुमार जैन की मौजूदगी में वेयरहाउस को सील कर दिया।


​इमलिया बोहता, चांद रोड स्थित एक अन्य वेयरहाउस में भारी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलीथिन भंडारण की सूचना मिली थी, जिसे टीम ने तत्काल पहुंचकर सीलबंद कर दिया।


​गांधीगंज के व्यापारियों पर लगा लाखों का जुर्माना
​बाजार क्षेत्रों में भी निगम और राजस्व की टीम ने दबिश दी, जहाँ डिस्पोजल विक्रेताओं में हड़कंप मच गया। कार्यवाही के दौरान भारी जुर्माना वसूला गया
​मंत्री ट्रेडर्स गांधीगंज 50,000 रुपये जुर्माना।
​बाहुबली ट्रेडर्स गांधीगंज 50,000 रुपये जुर्माना।
​धीर मार्केटिंग 20,000 रुपये जुर्माना।

​टीम में ये रहे शामिल
इस संयुक्त कार्यवाही में नगर निगम कमिश्नर सी.पी. राय, उद्योग केंद्र महाप्रबंधक रघुनाथ शाह उईके, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एम.पी. तिवारी, तहसीलदार नगर सुश्री मीना दशरिया, तहसीलदार ग्रामीण श्रीमती हेमांगप्रिया श्रीवास्तव सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा।

​प्रशासन की चेतावनी अमानक प्लास्टिक और डिस्पोजल स्वास्थ्य एवं पर्यावरण के लिए घातक है। भविष्य में भी इस तरह की औचक छापेमारी जारी रहेगी और उल्लंघन करने वालों पर एफआईआर तक की कार्यवाही की जा सकती है।

👁️ 6 views Views
Share This Article
Translate »