लखनादौन में होटल-रेस्टोरेंट में मूलभूत सुविधाओं की कमी, ग्राहकों को नहीं मिल रहा फिल्टर पानी

Revanchal
5
2 Min Read

दैनिक रेवांचल टाईम्स – सिवनी/लखनादौन – लखनादौन नगर के कई होटल और रेस्टोरेंटों में ग्राहकों को शुद्ध पेयजल की सुविधा नहीं मिल पा रही है। अधिकांश स्थानों पर आरओ या फिल्टर पानी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा, जबकि ग्राहकों को मजबूरी में महंगी पैक पानी की बोतलें खरीदनी पड़ रही हैं। इससे आम लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।


जानकारी के अनुसार कई होटल एवं रेस्टोरेंट संचालक फिल्टर पानी की व्यवस्था करने के बजाय केवल पैक पानी की बोतलों की बिक्री पर अधिक ध्यान दे रहे हैं। ग्राहकों का कहना है कि भोजन के साथ स्वच्छ और मुफ्त पेयजल उपलब्ध कराना होटल-रेस्टोरेंट संचालकों की जिम्मेदारी है, लेकिन खाद्य एवं स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही से लखनादौन में अधिकांश स्थानों पर यह सुविधा नहीं मिल रही।खाद्य एवं स्वास्थ्य विभाग के द्वारा समय-समय होने वाली मोनिटरिंग में बरती जा रही ढील की वजह से होटल रेस्टोरेंट संचालक अपनी मनमर्जी में उतारु है।


स्थानीय नागरिकों ने बताया कि कई छोटे और मध्यम वर्गीय होटल में साधारण पानी भी पर्याप्त साफ नहीं होता। गर्मी के मौसम में शुद्ध पेयजल की आवश्यकता अधिक बढ़ जाती है, ऐसे में लोगों को अतिरिक्त पैसे खर्च कर पानी खरीदना पड़ रहा है।


स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि दूषित पानी से पेट संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए सार्वजनिक भोजनालयों में आरओ या उचित फिल्टर सिस्टम की व्यवस्था होना आवश्यक है।


नागरिकों ने खाद्य एवं स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि होटल और रेस्टोरेंटों की नियमित जांच कर शुद्ध पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही नियमों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों पर कार्रवाई की जाए ताकि उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

Share This Article
Translate »