एसपी के निर्देशन में देहात थाना पुलिस ने दिखाई मुस्तैदी, परिजनों के चेहरे पर लौटी खुशियां; टीम को मिलेगा इनाम
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत थाना देहात पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए अलग-अलग स्थानों से लापता दो नाबालिग बालिकाओं को सकुशल दस्तयाब (बरामद) कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। बेटियां के घर लौटने से परिजनों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई है।
अलग-अलग जिलों में दी दबिश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना देहात में दर्ज अपराध क्रमांक 265/26 धारा 137(2) BNS के तहत दो नाबालिग बालिकाएं बिना बताए घर से कहीं चली गई थीं। परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर त्वरित विवेचना शुरू की गई।
विशेष पुलिस टीम ने सक्रियता और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से दोनों बालिकाओं का सुराग लगाया। इसमें से एक बालिका को लावाघोघरी (जिला छिंदवाड़ा) और दूसरी बालिका को जिला देवास (मध्य प्रदेश) से सफलतापूर्वक बरामद किया गया। वैधानिक कार्रवाई के बाद दोनों को सुरक्षित उनके माता-पिता को सौंप दिया गया है।
सराहनीय कार्य के लिए पुरस्कार की घोषणा
इस पूरी त्वरित और सफल कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने बालिकाओं को सकुशल ढूंढ निकालने वाली विशेष पुलिस टीम की पीठ थपथपाई है और पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
सफल कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
इस अभियान में थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत, स.उ.नि. नितेश ठाकुर, प्रधान आरक्षक जयप्रकाश सैयाम, आरक्षक सौरभ बघेल और साइबर सेल से आदित्य रघुवंशी व नितिन सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
