लोक निर्माण विभाग की अनियमितता

Revanchal
12
3 Min Read

रेस्ट हाउस मरम्मत में दोहरी टेंडरबाजी, ADM ने जांच के आदेश दिए

दैनिक रेवाँचल टाईम्स – मंडला। जिले लोक निर्माण विभाग मंडला में रेस्ट हाउस और सर्किट हाउस की मरम्मत के नाम पर घोर लापरवाही और अनियमितताओं का मामला सामने आया है। यहां जानकारी के अनुसार पांच माह पहले निकाले गए 19 लाख रुपये के टेंडर का काम अधर में लटका हुआ है, जबकि अब नए सिरे से दूसरा टेंडर जारी कर दिया गया है।


विभाग द्वारा 27 नवंबर 2025 को अनुबंध क्रमांक 66 डीएल 2025-26 के तहत रेस्ट हाउस व सर्किट हाउस की मरम्मत के लिए लगभग 19 लाख रुपये का टेंडर निकाला गया था। इस ठेके को अली इमाम को 45.5 प्रतिशत कम दर पर आवंटित किया गया था। लेकिन पांच महीने बीत जाने के बाद भी केवल रेस्ट हाउस में जालीदार दरवाजे लगाए गए और पेयजल टंकी के लिए दो लोहे के स्टैंड तैयार किए गए। बाकी कोई उल्लेखनीय मरम्मत कार्य नहीं हो सका।
वर्तमान में रेस्ट हाउस की स्थिति अत्यंत जर्जर है। कई कमरों की खिड़कियां टूटी हुई हैं, छत से सीपेज की समस्या बनी हुई है, जिससे विद्युत व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। अतिथियों के लिए सोफा व कुर्सियां तक उपलब्ध नहीं हैं। पूरा परिसर जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पहुंच चुका है।
पहले टेंडर का काम अधूरा, फिर नया टेंडर
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मई-जून 2025 में भी मरम्मत का दावा किया गया था, लेकिन कोई काम नहीं हुआ। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज कराई गई। दिसंबर 2025 में प्रोटोकॉल अधिकारी एवं अपर कलेक्टर राजेंद्र सिंह को ठेकेदार द्वारा काम न करने की लिखित शिकायत दी गई थी, जिसके बाद नाममात्र का कार्य शुरू हुआ।
इसके बावजूद मार्च 2026 में लोक निर्माण विभाग ने फिर से 19.30 लाख रुपये का नया टेंडर जारी कर दिया, जो रीड्स कंस्ट्रक्शन, जबलपुर को 53 प्रतिशत कम दर पर मिल गया है।
ADM ने जांच के आदेश दिए
इस पूरे मामले में अब संज्ञान लेते हुए अपर कलेक्टर (एडीएम) ने जांच के आदेश दे दिए हैं। स्थानीय लोगों और अधिकारियों का कहना है कि दोनों टेंडरों में बड़ी राशि का हेराफेरी का अंदेशा है। शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई थी, जिसके चलते स्थानीय स्तर पर नाराजगी बढ़ गई है।

Share This Article
Translate »