व्यापारी के साथ लूट के मामले में मडला थाना प्रभारी सहित दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ आपराधिक मामला तत्काल दर्ज हो -अनीश खान

Revanchal
7
4 Min Read

जिले में उड़ाया जा रहा कानून का मखौल केवल निलंबित करना कोई सजा नहीं

दैनिक रेवांचल टाइम्स पन्ना मडला थाने में रीवा के एक निर्दोष व्यापारी को बंधक बनाकर योजनाबद्ध तरीके से की गई कथित लूट और अवैध वसूली की घटना ने पन्ना पुलिस के ‘देशभक्ति-जनसेवा’ के नारे को पूरी तरह तार-तार कर दिया है। जिला कांग्रेस कमेटी ने इस पूरे घटनाक्रम पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। जिले की प्रशासनिक व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार और निष्पक्ष कार्रवाइयों के अभाव के कारण ही मातहत अधिकारियों कर्मचारियों के हौसले इतने बुलंद हैं, जिसका खामियाजा पन्ना की जनता और अब आगंतुकों को भुगतना पड़ रहा है।

मध्य प्रदेश के मुखिया मोहन यादव जिनके पास गृह विभाग भी है यह सभी जानकर भी अंजान क्यूं बने हुए हैं? आपके नेतृत्व में पन्ना पुलिस किसको सुरक्षा प्रदान कर रही है यह अब किसी से छुपा नहीं है, दोषी निलंबित पुलिस कर्मी कब आशीर्वाद स्वरूप बहाल हो जाए उससे पहले चिह्नित दागियों को जेल भेजना आपकी प्राथमिकता में होना चाहिए।

केवल निलंबन न्यायसंगत नहीं, यह प्रशासनिक चूक नहीं बल्कि ‘संगठित अपराध’ है

जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनीश खान ने अपने कड़े वक्तव्य में कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा जांच में दोषी पाए जाने के बाद भी आरोपियों को महज “निलंबित” कर देना न्याय का गला घोंटने जैसा है।

“पुलिस अधिकारियों कर्मचारियों द्वारा किया गया यह कृत्य कोई विभागीय या प्रशासनिक लापरवाही नहीं थी। यह बकायदा योजना बनाकर, व्यापारी को बंधक बनाकर की गई डकैती और जबरन वसूली का गंभीर मामला है। जब वसूली की राशि बरामद हो चुकी है और अपराध सिद्ध हो चुका है, तो आम अपराधियों की तरह इन पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल आपराधिक मामला ( दर्ज क्यों नहीं किया गया?”उक्त मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक पन्ना तथा कलेक्टर पन्ना की नैतिक जिम्मेदारी बनती है की जो जिस स्तर का दोषी है उसे वहीं सजा मिलना चाहिए । उक्त मामले को लेकर सवालभी उठ रहे हैं स्थानीय लोगों में आक्रोश है दोषियों ने अपने बुलंद हौसले के चलते आपकी कार्यप्रणाली और नैतिक जिम्मेदारी को कटघरे में खड़ा कर दिया है।

श्री खान ने पुलिस अधीक्षक से अपील करते हुए कहां की
पन्ना की जनता आपसे न्यायप्रियता और खाकी का सम्मान बरकरार रखने की उम्मीद करती है। दोषियों पर सख्त धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जेल भेजना ही समय की मांग है, ताकि जनता में पुलिस का खोया विश्वास बहाल हो सके।

कांग्रेस पार्टी ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि

पन्ना में अपराधियों और भ्रष्ट अधिकारियों का “खुल्ला खेल फर्रुखाबादी” अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोकतंत्र की रक्षा और जनता के भरोसे को कायम रखने के लिए कांग्रेस पूरी ताकत से लड़ेगी।
जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में रसूखदारों या खाकीधारियों को बचाने के लिए किसी भी प्रकार का भेदभाव किया गया, या मामले को रफा-दफा करने की कोशिश हुई, तो कांग्रेस पार्टी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी और सड़कों पर उतरकर चक्काजाम करेगी, जिसकी संपूर्ण नैतिक जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन तथा जिला प्रशासन की होगी।।

Share This Article
Translate »