गंगा दशहरा पर नर्मदा भक्ति में डूबा मंडला, चुनरी यात्रा के बाद माहिष्मती घाट पर गूंजा रुद्राष्टक

Revanchal
4 Min Read


जनप्रतिनिधियों एवं कलेक्टर ने मां नर्मदा को अर्पित की चुनरी, दुग्धाभिषेक कर मांगी जिले की सुख-समृद्धि


दैनिक रेवांचल टाइम्स | मंडला
गंगा दशहरा के पावन अवसर पर मंडला जिला नर्मदा भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास में सराबोर नजर आया। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जिलेभर में जल संरक्षण एवं नर्मदा संवर्धन को लेकर विविध धार्मिक और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में स्थानीय सर्किट हाउस से माहिष्मती घाट तक भव्य चुनरी यात्रा निकाली गई, जिसमें महिलाओं, युवाओं और नर्मदा भक्तों की बड़ी संख्या ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


“हर-हर नर्मदे” और “जल है तो कल है” के जयघोषों के बीच निकली इस भक्ति यात्रा ने पूरे शहर को भक्तिमय वातावरण से भर दिया। जैसे ही श्रद्धालुओं का समूह माहिष्मती घाट पहुंचा, घाट परिसर मां नर्मदा की भक्ति और श्रद्धा से गूंज उठा।


सर्किट हाउस से माहिष्मती घाट तक निकली भव्य चुनरी यात्रा
शाम लगभग 5 बजे सर्किट हाउस से प्रारंभ हुई चुनरी यात्रा में महिलाएं पीले और लाल परिधानों में सिर पर मां नर्मदा की चुनरी लेकर शामिल हुईं। यात्रा के दौरान जल संरक्षण और नदी संवर्धन से जुड़े संदेशों ने लोगों को जागरूक किया।


“मां नर्मदा का निर्मल जल, जीवन का आधार” और “बूंद-बूंद से घट भरता है” जैसे नारों के साथ यात्रा सर्किट हाउस से प्रारंभ होकर रेवांचल पार्क एवं कला दीर्घा मार्ग से होते हुए माहिष्मती घाट पहुंची।


जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने किया विधिवत पूजन
माहिष्मती घाट पहुंचने के बाद नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे, अपर कलेक्टर राजेंद्र कुमार सिंह एवं जिला पंचायत सीईओ शास्वत सिंह मीना सहित जनप्रतिनिधियों ने मां नर्मदा का विधिवत पूजन-अर्चन किया।


सभी ने श्रद्धापूर्वक मां नर्मदा को चुनरी अर्पित कर जिले की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।


पंच चौकी महाआरती में गूंजा रुद्राष्टक
पूजन के उपरांत मां नर्मदा की भव्य पंच चौकी महाआरती आयोजित की गई। पुरोहितों द्वारा रुद्राष्टक पाठ एवं नर्मदाष्टक का सस्वर गायन किया गया, जिससे पूरा माहौल आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा।
सैकड़ों श्रद्धालुओं ने समवेत स्वर में मां नर्मदा की आरती कर आस्था का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया।


महाआरती के समापन पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां नर्मदा का दुग्धाभिषेक एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस दौरान जिले की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलकामना की प्रार्थना की गई।
“नर्मदा हमारी संस्कृति है, संरक्षण हमारा दायित्व”
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य शैलेश मिश्रा, समाजसेवी प्रफुल्ल मिश्रा, जयदत्त झा, एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम, डिप्टी कलेक्टर संस्कार बावरिया, एसीईओ जिला पंचायत विनोद मरावी, सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास रोहित बड़कुल, सहायक परियोजना अधिकारी कपिल तिवारी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।


इस अवसर पर कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने कहा कि गंगा दशहरा हमें यह संदेश देता है कि नदियां केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, आस्था और जीवन का आधार हैं। जल गंगा संवर्धन अभियान का उद्देश्य मां नर्मदा को स्वच्छ, निर्मल और अविरल बनाए रखना है। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यह संकल्प ले कि वह नदी में कचरा नहीं डालेगा और जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाएगा।

👁️ 5 views Views
Share This Article
Translate »