जनसुनवाई : कलेक्टर श्री नारायन ने सुनी 191 आवेदकों की समस्यायें

Revanchal
3 Min Read

रेवांचल टाइम्स छिन्दवाड़ा

राज्य शासन के जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत प्रति सप्ताह मंगलवार को आम नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई की जाती है और संबंधित विभाग के अधिकारियों से इन समस्याओं का त्वरित निराकरण कराया जाता है ।
कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में 191 आवेदकों की समस्यायें सुनी । इस दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण, दूरस्थ अंचलों से आये आवेदकों ने उपस्थित होकर अपनी समस्याओं के निराकरण के लिये आवेदन प्रस्तुत किये ।


जनसुनवाई में मुख्य रूप से ज़मीन का सीमांकन करने, नक्शा दुरूस्त करने, अतिक्रमण हटाने एवं नाला गहरीकरण करने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, बिजली पानी की समस्या आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुये। जनसुनवाई के दौरान आवेदकों के बैठने की व्यवस्था भी की गई थी।
कलेक्टर नारायन ने विभिन्न आवेदनों में तत्काल प्रकरण नोट कराते हुए तत्परता के साथ निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

उन्होंने कई प्रकरणों को समय सीमा की बैठक में समीक्षा के लिए भी चिन्हांकित किया। जनसुनवाई कार्यक्रम में आज ग्राम हरनभटा की श्रीमती किरण चौहान ने भूमि का सीमांकन कर राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज करने, ग्राम पिंडरईखुर्द के दुर्गेश परतेती ने माताजी की मृत्यु उपरांत आर्थिक सहायता दिलाने, ग्राम थुनियाउदना के शिवपाल पाल ने अपनी कृषि भूमि का सीमांकन कर राजस्व अभिलेख दुरूस्त करने, ग्राम हर्रई की श्रीमती ममता कहार ने शासकीय सेवा में कार्यरत पति की मृत्यु उपरांत अपनी बेटी को अनुकम्पा नियुक्ति दिलाने,ग्राम सांवरी बाजार के महेश साहू ने कृषि कार्य के लिये खाद उपलब्ध कराने एवं कृषि भूमि में सिंचाई के लिये बोर कराने की अनुमति दिलाने, ग्राम कमकासुर की श्रीमती राजोबाई तुमराम ने विधवा पेंशन दिलाने, ग्राम बदनूर के राजाबाबू चौधरी ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, ग्राम सांवरी के घन्सू वनके ने अपने पुत्र की आप्राकृतिक मृत्यु होने से शासन द्वारा मिलने वाली आर्थिक सहायता दिलाने, ग्राम सिंगोड़ी के शैलेन्द्र सोनी ने कृषि भूमि का नक्शा दुरूस्त करने एवं छिंदवाड़ा नगर के सिध्दिविनायक वार्ड नंबर-10 के अशोक पहाड़े ने अनावेदक द्वारा मकान की छेड़ी में गढ्ढा किये जाने से बारिश का पानी जमा होता है तथा पानी निकासी की समस्या होती है समस्या का निराकरण करने आदि के आवेदन प्रस्तुत किये। इस दौरान कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अग्रिम कुमार एवं एडीएम धीरेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय और संबंधित अधिकारियों द्वारा भी आवेदनों पर सुनवाई की गई, जबकि अन्य सभी खंड स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जनसुनवाई में शामिल हुये।

👁️ 1 views Views
Share This Article
Translate »