कलेक्ट्रेट में कलेक्टर का औचक निरीक्षण, 25 कर्मचारी मिले अनुपस्थित

Revanchal
2 Min Read

बिना अनुमति गैरहाजिर कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश, संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कटेगा एक दिन का वेतन

दैनिक रेवांचल टाईम्स, मंडला। कलेक्टर ने सोमवार को संयुक्त कलेक्ट्रेट कार्यालय का औचक निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई कर्मचारी बिना अनुमति एवं बिना उचित कारण के अनुपस्थित पाए गए, जिस पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने वित्त शाखा, शिकायत शाखा, लोक सेवा प्रबंधन, भू-अभिलेख, जनजातीय कार्य विभाग, पिछड़ा वर्ग शाखा, महिला सशक्तिकरण, खाद्य शाखा, महिला एवं बाल विकास विभाग, आबकारी विभाग, सहकारिता विभाग, सांख्यिकी एवं योजना कार्यालय, तहसील कार्यालय, जनसंपर्क कार्यालय, ई-गवर्नेंस विभाग तथा श्रम विभाग का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कुल 25 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी अनुपस्थित कर्मचारियों को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कर्मचारियों द्वारा संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया जाता है, तो उनके विरुद्ध एक दिवस का वेतन काटने की कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खाद्य विभाग का भी अवलोकन किया। गर्मी के मौसम को देखते हुए उन्होंने कर्मचारियों की सुविधा के लिए बैठक कक्ष में कूलर लगाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय पर कार्यालय पहुंचने, शासन की योजनाओं एवं जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने तथा कार्यालयीन कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।

कलेक्टर ने कहा कि आम नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान के लिए शासकीय कार्यालयों में आते हैं, इसलिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति और जवाबदेही सुनिश्चित होना आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर जनसंपर्क अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

👁️ 5 views Views
Share This Article
Translate »