एमपीपीएससी में चयनित हुए डॉ. विवेक कुमार तिवारी, अब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई में देंगे सेवाएं

Revanchal
2 Min Read

रेवांचल टाइम्स पवई पन्ना

मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) द्वारा आयोजित परीक्षा में चिकित्सा अधिकारी द्वितीय श्रेणी पद पर डॉ. विवेक कुमार तिवारी के चयन से स्वास्थ्य विभाग एवं क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि को चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
डॉ. विवेक कुमार तिवारी पूर्व में नेशनल हेल्थ मिशन, मध्य प्रदेश के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोहांद्रा में पदस्थ थे। चिकित्सा अधिकारी द्वितीय श्रेणी पद पर चयनित होने के बाद उनकी पदस्थापना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई में की गई है, जहां वे क्षेत्रवासियों को अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे।


डॉ. तिवारी ने कठिन परिश्रम, निरंतर अध्ययन और समर्पण के बल पर यह सफलता हासिल की है। स्वास्थ्य सेवाओं का दायित्व निभाने के साथ-साथ उन्होंने प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी जारी रखी और एमपीपीएससी की प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त की।
उनकी इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, चिकित्सकों, अस्पताल स्टाफ, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता युवा चिकित्सकों तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।


डॉ. विवेक कुमार तिवारी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवारजनों, गुरुजनों एवं सहयोगियों को दिया। उन्होंने कहा कि जनसेवा और मरीजों की बेहतर चिकित्सा उनके जीवन का प्रमुख उद्देश्य है तथा वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
गौरतलब है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोहांद्रा में अपनी सेवाएं देने के बाद अब डॉ. विवेक कुमार तिवारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई में पदस्थ होकर क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने में योगदान देंगे।

👁️ 1 views Views
Share This Article
Translate »