“सफलता की कहानी”कृषक कल्याण वर्ष 2026 : सफलता की कहानी

Revanchal
3 Min Read

75 दिन में बदली खेती की तस्वीर, स्वीट कॉर्न से छिन्दवाड़ा के किसान श्री जितेन्द्र पवार कमा रहे हैं लाखों का मुनाफा

रेवांचल टाइम्स छिन्‍दवाड़ा

जिले के विकासखंड परासिया, तहसील उमरेठ के ग्राम छाबड़ीकला के प्रगतिशील किसान जितेन्द्र पवार ने शासन की मंशा के अनुरूप कृषक कल्याण वर्ष 2026 के उद्देश्य को पूरा करते हुए परंपरागत खेती से आगे बढ़ते हुए स्वीट कॉर्न की उन्नत खेती अपनाकर क्षेत्र के किसानों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

पवार ने वर्ष 2026 में लगभग 15 एकड़ क्षेत्र में ड्रिप सिंचाई आधारित स्वीट कॉर्न, स्वीट क्वीन वैरायटी की खेती की है। फसल की बुवाई 12 से 15 अप्रैल के बीच की गई थी। वर्तमान में फसल उत्कृष्ट स्थिति में है तथा पौधों में छावर एवं भुट्टों का विकास अच्छी तरह हो चुका है।
कृषक पवार बताते हैं कि स्वीट कॉर्न एक अल्पावधि लगभग 75 दिन की नकदी फसल है, जिससे कम समय में बेहतर आय प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने पिछले वर्ष 7 एकड़ में स्वीट कॉर्न की खेती कर लगभग 10 लाख रुपये का विक्रय किया था। उत्पादन लागत निकालने के बाद उन्हें प्रति एकड़ लगभग 1 लाख रुपये का शुद्ध लाभ प्राप्त हुआ। इसी सफलता से प्रेरित होकर उन्होंने इस वर्ष खेती का रकबा बढ़ाकर 15 एकड़ कर दिया है।

स्वीट कॉर्न की बढ़ती मांग, बेहतर बाजार उपलब्धता एवं ड्रिप सिंचाई जैसी आधुनिक तकनीकों के उपयोग ने उनकी खेती को अधिक लाभकारी बनाया है। वर्तमान में छिंदवाड़ा जिले में लगभग 5 हजार एकड़ क्षेत्र में स्वीट कॉर्न की खेती की जा रही है, जो किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
शुक्रवार को उपसंचालक कृषि जितेन्द्र कुमार सिंह ने ग्राम छाबड़ीकला का भ्रमण कर पवार के खेत में लगी स्वीट कॉर्न फसल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान फसल की उत्कृष्ट स्थिति एवं अपनाई गई वैज्ञानिक कृषि तकनीकों की सराहना की गई। इस अवसर पर अनुविभागीय कृषि अधिकारी परासिया प्रमोद सिंह उट्टी सहित क्षेत्र के किसान रामजी पवार, कैलाश पवार, राम पवार एवं उमेश पवार भी उपस्थित थे।
किसानों के लिए प्रेरणा – कृषक जितेन्द्र पवार की सफलता यह दर्शाती है कि यदि किसान आधुनिक तकनीकों, गुणवत्तायुक्त बीज, सूक्ष्म सिंचाई एवं बाजार उन्मुख फसलों को अपनाएं तो कम समय में अधिक लाभ अर्जित कर सकते हैं। उनकी यह उपलब्धि जिले के अन्य किसानों को भी परंपरागत फसलों के साथ-साथ उच्च मूल्य वाली फसलों की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित कर रही है।
प्रगतिशील कृषक जितेन्द्र पवार कहते हैं कि “स्वीट कॉर्न की खेती ने मेरी आय में उल्लेखनीय वृद्धि की है। सही तकनीक, उचित प्रबंधन और बाजार की जानकारी के साथ किसान कम समय में अच्छा लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

👁️ 40 views Views
Share This Article
Translate »