कान्हा टाइगर रिजर्व में बाघ के हमले से वनकर्मी की मौत, शोक की लहर

Revanchal
2 Min Read

दैनिक रेवांचल टाईम्स – मंडला, 14 जून 2026। कान्हा टाईगर रिजर्व के अंतर्गत परिक्षेत्र कान्हा की बीट नकटी घाटी के कक्ष क्रमांक 136 स्थित कैंप के समीप घंघारनाला क्षेत्र में रविवार प्रातः गश्ती दल पर एक वन्यजीव बाघ ने अचानक हमला कर दिया। इस दुखद घटना में अग्नि सुरक्षा श्रमिक लखनसिंह पिता बुद्ध सिंह, उम्र लगभग 29 वर्ष, निवासी ग्राम आमगहन, जिला बालाघाट का निधन हो गया।


वही घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे तथा मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम हेतु चिकित्सालय भेज दिया गया है।
वन विभाग द्वारा मृतक के परिजनों को तत्काल अग्रिम आर्थिक सहायता प्रदान कर दी गई है। साथ ही शासकीय नियमानुसार देय शेष अनुग्रह राशि भी शीघ्र उपलब्ध कराई जाएगी।


कान्हा प्रबंधन ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दुर्गम वन क्षेत्रों में हिंसक वन्यजीवों के बीच रहकर वन एवं वन्यजीव संरक्षण का दायित्व निभाने वाले वनकर्मी अत्यंत चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करते हैं। वन्यजीव सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले श्री लखनसिंह की सेवाओं को सदैव स्मरण रखा जाएगा।


शोक संदेश में यह भी कहा गया कि देशभर में कठिन परिस्थितियों में अपनी जान की परवाह किए बिना वन्यजीव संरक्षण में जुटे सभी वन कर्मियों के प्रति समाज को सम्मान और कृतज्ञता का भाव रखना चाहिए। श्री लखनसिंह का निधन वन विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है।

दैनिक रेवांचल टाइम्स परिवार दिवंगत वनकर्मी लखनसिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता है तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता है।

👁️ 101 views Views
Share This Article
Translate »