सोमवती अमावस्या पर महिलाओं ने की पूजा-अर्चना,परिक्रमा कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना

Revanchal
2 Min Read

संवाददाता पवई

पवई। सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर क्षेत्र की महिलाओं ने श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ पीपल वृक्ष एवं तुलसी के पौधे की पूजा-अर्चना कर परिक्रमा लगाई तथा परिवार की सुख-समृद्धि, अखंड सौभाग्य एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर माता कलेही मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर सुबह से ही महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी।


महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सज-धजकर पूजा स्थलों पर पहुंचीं, जहां उन्होंने विधि-विधान से पीपल वृक्ष एवं तुलसी के पौधे का पूजन किया। महिलाओं ने जल अर्पित कर रोली, चंदन, अक्षत एवं पुष्प चढ़ाए तथा रक्षा सूत्र बांधकर परिक्रमा की। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सोमवती अमावस्या के दिन पीपल वृक्ष की पूजा करने से पुण्य फल की प्राप्ति होती है तथा परिवार में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहती है।


इस दौरान महिलाओं ने व्रत रखकर भगवान विष्णु एवं माता लक्ष्मी का स्मरण किया और परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। शिवमंदिर परिसरों में दिनभर पूजा-पाठ, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक अनुष्ठानों का वातावरण बना रहा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।


सोमवती अमावस्या के इस पावन एवं पर्व पर पूरे क्षेत्र में आस्था और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला। महिलाओं ने भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए उत्साहपूर्वक पर्व मनाया तथा परिवार एवं समाज की सुख-शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

👁️ 3 views Views
Share This Article
Translate »