रेवांचल टाइम्स मंडला – मंडला परेशांन किसानो ने अपनी खेती बाड़ी के सीजन को देख और खाद-बीज वितरण में आ रही तकनीकी समस्याओं और पोर्टल के सर्वर ठप रहने से परेशान किसानों का आक्रोश सोमवार को सड़क पर दिखाई दिया। तहसील बिछिया के किसानों ने समय पर खाद एवं बीज उपलब्ध न होने से नाराज होकर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (एनएच-30) पर चक्काजाम कर दिया। इससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं।
प्रदर्शन कर रहे किसानों का आरोप था कि खाद-बीज खरीदने के लिए पोर्टल पर लगातार सर्वर की समस्या बनी हुई है, जिसके कारण उन्हें आवश्यक कृषि सामग्री नहीं मिल पा रही है। किसानों का कहना है कि खरीफ सीजन की बुवाई का समय चल रहा है और यदि समय रहते खाद एवं बीज उपलब्ध नहीं हुए तो फसल उत्पादन प्रभावित होगा तथा उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
किसानों ने बताया कि कई दिनों से वे समितियों और संबंधित केंद्रों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन सर्वर समस्या के कारण उनका पंजीयन और वितरण कार्य नहीं हो पा रहा है। इससे किसानों में भारी नाराजगी है।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा जल्द समाधान का आश्वासन दिया। प्रशासन द्वारा समझाइश दिए जाने के बाद किसानों ने आंदोलन समाप्त कर जाम खोल दिया, जिससे यातायात पुनः सामान्य हो सका।
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही सर्वर समस्या का समाधान कर खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की गई तो वे फिर से उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
किसानो में व्यवस्था को लेकर आक्रोश
वही खरीफ सीजन के दौरान खाद-बीज वितरण व्यवस्था क्यों चरमरा गई?
सर्वर समस्या का स्थायी समाधान कब होगा किसानों को समय पर खाद एवं बीज उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन क्या कदम उठाएगा?
क्या तकनीकी खामियों का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ेगा?
