‘एक बगिया मां के नाम’ योजना का बिल अटका

Revanchal
2 Min Read

भुगतान के लिए दर-दर भटक रहा किसान, बेहोशी में जवाबदार

दैनिक रेवांचल टाईम्स – मंडला। शासन की महत्वाकांक्षी ‘एक बगिया मां के नाम’ योजना के तहत पौधारोपण कार्य करा ने वाले हितग्राही को अब तक सामग्री का भुगतान नहीं मिल पाया है। ग्राम देल्हा, तहसील नैनपुर निवासी ओंमकर जंघेला ने जनसुनवाई में कलेक्टर से शिकायत करते हुए बताया कि उनकी पत्नी संगीताबाई जंघेला के नाम से योजना स्वीकृत हुई थी।
शिकायत के अनुसार 5 नवंबर 2025 को जिला पंचायत मंडला के तत्कालीन मुख्य कार्यपालन अधिकारी के हाथों पौधारोपण कर योजना का शुभारंभ कराया गया था। इसके बाद सामग्री संबंधी सभी बिल समय पर जनपद पंचायत नैनपुर में जमा कर दिए गए, लेकिन महीनों बीत जाने के बावजूद भुगतान नहीं हुआ।
वही पीड़ित का कहना है कि भुगतान के लिए कई बार लिखित आवेदन और सीएम हेल्पलाइन 181 में शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन अधिकारियों द्वारा केवल आश्वासन देकर शिकायतें बंद करा दी गईं। आरोप है कि पोर्टल पर कभी भुगतान दर्शाया जाता है तो कभी भुगतान तिथि हटा दी जाती है।
हितग्राही ने बताया कि सामग्री आपूर्तिकर्ता का भुगतान उसने कर्ज लेकर कर दिया है, जबकि अब कर्जदाता रोज घर पहुंचकर रकम वापस मांग रहे हैं। आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवार ने कलेक्टर से मामले की जांच कर शीघ्र भुगतान दिलाने की मांग की है।
जनसुनवाई में प्रस्तुत आवेदन में प्रार्थी ने कहा है कि यदि समय पर भुगतान नहीं मिला तो उसकी आर्थिक स्थिति और अधिक खराब हो सकती है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है।

👁️ 20 views Views
Share This Article
Translate »