पावर ब्लॉक्स निर्माण कार्य बना व्यापारियों और राहगीरों के लिए सिरदर्द

Revanchal
3 Min Read

दो माह से अधूरा पड़ा काम, गड्ढों और अव्यवस्था से प्रभावित हो रहा व्यापार

दैनिक रेवांचल टाइम्स जबलपुर। शहर के ओमती क्षेत्र में गुल्लू बेकरी से ओमती मस्जिद होते हुए करमचंद चौक तक चल रहा पावर ब्लॉक्स निर्माण कार्य आम नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। लगभग दो माह पूर्व शुरू किए गए इस कार्य की रफ्तार बेहद धीमी होने से क्षेत्र के लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। व्यापारियों का कहना है कि निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं होने से उनका व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ समय पूर्व मीडिया में खबरें प्रकाशित होने के बाद गुल्लू बेकरी लाइन की दुकानों के सामने पावर ब्लॉक्स लगाने का कार्य पूरा किया गया, लेकिन इसमें भी काफी समय लग गया। इसके बाद नया मोहल्ला मस्जिद रोड के पास कार्य शुरू हुआ, जहां पिछले कई दिनों से काम पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है। निर्माण सामग्री और पावर ब्लॉक्स सड़क किनारे बिखरे पड़े हैं, जिससे यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।

व्यापारियों का आरोप है कि दुकानों के सामने गहरे गड्ढे खोद दिए गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भर रहा है। इससे ग्राहकों को दुकानों तक पहुंचने में कठिनाई हो रही है। कई स्थानों पर वाहन खड़े करने की भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण ग्राहकों की संख्या में कमी आ रही है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि व्यापार पहले से ही मंदी के दौर से गुजर रहा है और अब अधूरे निर्माण कार्य ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

क्षेत्र के व्यापारियों ने बताया कि सबसे अधिक परेशानी नया मोहल्ला मस्जिद के समीप स्थित साईं टॉयज सहित अन्य दुकानदारों को हो रही है। दुकानों के सामने निर्माण कार्य के कारण वाहन खड़े करने की जगह नहीं बची है। मजबूरी में उन्हें अपने वाहन श्रीनाथ की तलैया क्षेत्र में खड़े करने पड़ रहे हैं, जिसके बाद वे दुकान तक पहुंचकर व्यापार कर पा रहे हैं।

राहगीरों और वाहन चालकों का भी कहना है कि सड़क पर निर्माण सामग्री फैली रहने और जगह-जगह खुदाई होने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। बरसात के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो सकती है।

क्षेत्र के व्यापारियों एवं नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि पावर ब्लॉक्स निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाए। उनका कहना है कि समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा होने पर यातायात व्यवस्था सुचारू होगी, व्यापार को राहत मिलेगी और क्षेत्रवासियों को हो रही परेशानियों से भी निजात मिल सकेगी।

👁️ 13 views Views
Share This Article
Translate »