रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
डॉ. आंबेडकर समता विकास समिति, छिंदवाड़ा के निर्वाचन 2026 में निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आशाराम मेश्राम सहित एस.एल. गेडाम, सदाशिव सोनटक्के, शिवनाथ नारनवरे, आर.के. चौहान, एस.एल. बारमाटे, एस.एल. खांडेकर एवं मनोरमा सहारे की विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ तथागत भगवान बुद्ध एवं भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद सामूहिक बुद्ध वंदना का आयोजन हुआ, जिससे पूरा वातावरण सामाजिक समरसता और प्रेरणा से ओत-प्रोत हो गया।
समारोह में नवनिर्वाचित अध्यक्ष संदीप बोरकर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मीना ठवरे, महासचिव कमलेश चौरासे एवं कोषाध्यक्ष डॉ. प्रमोद वासनिक सहित सभी पदाधिकारियों का पुष्पहार एवं सम्मान-पत्र देकर अभिनंदन किया गया। इसके पश्चात उन्हें समिति, संविधान और समाज के प्रति निष्ठा, ईमानदारी तथा समर्पण भाव से कार्य करने की शपथ दिलाई गई।
मुख्य अतिथियों एवं वक्ताओं ने अपने संबोधन में सामाजिक एकता, शिक्षा, संगठन और समाजहित में मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी समिति समाज के विकास और संगठन को नई दिशा देने का कार्य करेगी।
समारोह में बहुजन समाज के हजारों नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थितजनों के लिए खीर प्रसाद का वितरण किया गया।
