घुघरी थाना में “सेफ क्लिक 2.0” अभियान पर प्रेस वार्ता, साइबर ठगी और डिजिटल अरेस्ट से बचाव की दी महत्वपूर्ण जानकारी

Revanchal
2 Min Read

रेवांचल टाइम्स मंडला – आम नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस थाना घुघरी में “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के तहत प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान थाना प्रभारी प्रकाश चंद्र सेन ने पत्रकारों एवं उपस्थित नागरिकों को साइबर धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों की विस्तृत जानकारी दी।


उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी फर्जी कॉल, लिंक, ओटीपी, केवाईसी अपडेट, बैंक अधिकारी बनकर कॉल करने, सोशल मीडिया हैकिंग तथा “डिजिटल अरेस्ट” जैसे नए हथकंडों से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी पुलिस अधिकारी, सीबीआई, ईडी या अन्य सरकारी एजेंसी फोन या वीडियो कॉल पर किसी व्यक्ति को “डिजिटल अरेस्ट” नहीं करती। यदि इस प्रकार का कोई कॉल आता है तो घबराने के बजाय तुरंत उसकी सूचना पुलिस को दें।


थाना प्रभारी ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी, यूपीआई पिन या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और ऑनलाइन लेनदेन करते समय पूरी सावधानी बरतें।


प्रेस वार्ता में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के बैनर के साथ लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं या निकटतम पुलिस थाने से संपर्क करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर पीड़ित की सहायता की जा सके।
इस अवसर पर थाना घुघरी का पुलिस स्टाफ, पत्रकारगण एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

👁️ 70 views Views
Share This Article
Translate »