रेलवे की पहल बनी यात्रियों के लिए राहत: चलती ट्रेन में बच्चों को पिलाई गई पोलियो की दवा

Revanchal
3 Min Read


पल्स पोलियो अभियान के तीसरे दिन संघमित्रा एक्सप्रेस में रेलवे मेडिकल टीम ने किया शत-प्रतिशत टीकाकरण का प्रयास


दैनिक रेवांचल टाइम्स नरसिंहपुर, 30 जून 2026। पल्स पोलियो अभियान के तीसरे एवं अंतिम दिन मंगलवार को पश्चिम मध्य रेलवे के रेलवे चिकित्सक डॉ. आर.आर. कुर्रे के नेतृत्व में मेडिकल टीम ने ट्रेन संख्या 12296 संघमित्रा एक्सप्रेस में सफर कर रहे पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान को सफल बनाया।

यह विशेष अभियान 28, 29 और 30 जून तक लगातार चलाया जा रहा है, जिसके तहत रेलवे स्टेशन, रेलवे कॉलोनियों तथा ट्रेनों में यात्रा कर रहे बच्चों तक भी पोलियो की दवा पहुंचाई जा रही है।


डॉ. आर.आर. कुर्रे के साथ मेडिकल टीम के सदस्य राहुल, अमित एवं हरदहा ने पूरे समर्पण के साथ ट्रेन के विभिन्न कोचों में पहुंचकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई। टीम ने यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि यात्रा के कारण कोई भी बच्चा पोलियो की जीवनरक्षक खुराक से वंचित न रहे।
इस दौरान ट्रेन में सफर कर रहे कई यात्रियों ने रेलवे प्रशासन और मेडिकल टीम की सराहना करते हुए कहा कि यात्रा में होने के कारण वे अपने बच्चों को पोलियो बूथ तक नहीं ले जा पाए थे। ऐसे में ट्रेन के भीतर ही बच्चों को पोलियो की दवा उपलब्ध कराना अत्यंत सराहनीय पहल है। अभिभावकों ने रेलवे प्रशासन और मेडिकल टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया।


अभियान के दौरान कुछ ऐसे अभिभावक भी मिले जो जागरूकता के अभाव में बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने में संकोच कर रहे थे। ऐसे मामलों में डॉ. आर.आर. कुर्रे एवं मेडिकल टीम ने उन्हें पोलियो टीकाकरण के महत्व और इसके लाभों के बारे में विस्तार से समझाया। प्रभावी काउंसलिंग के बाद सभी अभिभावक सहमत हुए और अपने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई।


डॉ. आर.आर. कुर्रे ने बताया कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए हर बच्चे को पोलियो की प्रत्येक निर्धारित खुराक अवश्य पिलानी चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी भ्रम या अफवाह पर ध्यान न दें और अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को समय-समय पर पोलियो की दवा अवश्य पिलवाएं, ताकि देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने का संकल्प मजबूत हो सके।

👁️ 32 views Views
Share This Article
Translate »