श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ श्री श्याम बाबा एवं शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव

Revanchal
3 Min Read

तीन दिनों तक भक्तिमय रहा सिवनी, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया धर्म लाभ

दैनिक रेवांचल टाइम्स सिवनी- ऑरेंज सिटी कॉलोनी स्थित नव निर्मित श्री श्याम मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय श्री श्याम बाबा एवं भगवान शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हो गया। 15 से 17 जून तक चले इस भव्य आयोजन में सिवनी सहित नागपुर, जबलपुर, बालाघाट, छिंदवाड़ा और आसपास के ग्रामीण अंचलों से हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।

वैदिक अनुष्ठानों से हुआ शुभारंभ

महोत्सव के प्रथम दिवस गणेश-गौरी पूजन, जलाधिवास, सुगंधाधिवास, हवन-पूजन एवं संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। शाम को भव्य श्रृंगार, दिव्य दरबार और भजन संध्या ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।

कलश और निशान यात्रा ने बनाया भक्तिमय माहौल

दूसरे दिन अन्नाधिवास, फलाधिवास और वैदिक अनुष्ठानों के साथ भव्य कलश यात्रा एवं निशान यात्रा निकाली गई। राम मंदिर शुक्रवारी से प्रारंभ हुई यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई श्री श्याम मंदिर पहुंची। सैकड़ों महिलाओं ने कलश धारण किए, जबकि श्याम भक्त निशान लेकर बाबा का गुणगान करते हुए आगे बढ़े। बैंड-बाजों, आकर्षक झांकियों और भक्ति संगीत ने पूरे शहर को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई प्राण प्रतिष्ठा

महोत्सव के अंतिम दिन 17 जून को महाभिषेक, यज्ञ-हवन और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोपहर 12:15 बजे श्री खाटू श्याम बाबा एवं शिव परिवार के विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई। यह अनुष्ठान नागपुर के वैदिक आचार्य पंडित अजय जोशी के सान्निध्य में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर दिव्य दर्शन किए।

भंडारे और भजन संध्या में उमड़े श्रद्धालु

तीनों दिनों तक विशाल भंडारे और प्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। वहीं विभिन्न ख्यातिप्राप्त भजन गायकों की प्रस्तुतियों ने देर रात तक भक्तों को भक्ति रस में डुबोए रखा।

भव्य श्याम तोरण द्वार का हुआ भूमिपूजन

महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में प्रस्तावित भव्य श्याम तोरण द्वार का भूमि पूजन भी किया गया। इस अवसर पर विधायक दिनेश राय मुनमुन ने विधिवत पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह मंदिर आने वाले समय में सिवनी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख केंद्र बनेगा।

आगे होंगे कई निर्माण कार्य

श्री श्याम परिवार समिति ने बताया कि मंदिर परिसर में शिव मंदिर का गुंबद, रानी सती दादी मंदिर, राधा-कृष्ण मंदिर, सालासर बालाजी मंदिर, धर्मशाला, सत्संग हॉल, भोजन कक्ष एवं गौशाला सहित कई निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं, जिनके लिए श्रद्धालुओं का सहयोग लगातार मिल रहा है।

समिति ने कार्यक्रम की सफलता के लिए श्रद्धालुओं, दानदाताओं, यजमानों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, मीडिया प्रतिनिधियों और सेवा कार्य में जुटे स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया।

👁️ 15 views Views
Share This Article
Translate »