08 ड्रम एल्युमिनियम तार और 04 ड्रम केबल तार बरामद, आरोपी भेजे गए जेल
दैनिक रेवांचल टाइम्स सिवनी– जिले के आदेगांव थाना पुलिस ने अमानत में खयानत के एक मामले का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये मूल्य के बिजली के एल्युमिनियम एवं केबल तार बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद उपजेल लखनादौन भेज दिया है। मामले में अन्य संदेहियों से भी पूछताछ जारी है।
शिकायत के बाद दर्ज हुआ मामला
पुलिस के अनुसार नरसिंहपुर जिले के ग्राम बचई निवासी अर्जुन सिंह राजपूत ने 15 जून को थाना आदेगांव पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 08 ड्रम बिजली के एल्युमिनियम तार और 04 ड्रम 50 स्क्वेयर एमएम के केबल तार का गबन कर खुर्द-बुर्द कर दिया गया है।
शिकायत के आधार पर थाना आदेगांव में अपराध क्रमांक 115/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(2) एवं 316(4) के तहत मामला कायम कर विवेचना शुरू की गई।
अलग-अलग टीमों ने की पतासाजी
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना स्तर पर अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। संभावित स्थानों पर लगातार तलाश और पतासाजी के बाद तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में कबूला अपराध
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार कर लिया तथा अपने कब्जे से गबन की गई सामग्री बरामद कराई।
गिरफ्तार आरोपियों में झारखंड निवासी प्रमोद प्रसाद उर्फ बबलू के अलावा सिवनी जिले के टेकचंद चंद्रवंशी और अतुल राहंगडाले शामिल हैं।
जांच का दायरा अभी बाकी
पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच में नए तथ्य सामने आने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
इन अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं एसडीओपी अपूर्व भलावी के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष धुर्वे सहित थाना आदेगांव के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
