रेवांचल टाइम्स भुआ-बिछिया मंडला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सरस्वती शिशु उच्च माध्यमिक विद्यालय भुआ-बिछिया में रविवार को 12वें विश्व योग दिवस का आयोजन उत्साह, अनुशासन और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के साथ जगमण्डल बाल कल्याण समिति के पदाधिकारी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता, नगर के गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में भैया-बहिनों ने सहभागिता कर योग के प्रति अपनी आस्था और जागरूकता का परिचय दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात योग प्रशिक्षक दशरथ लाल गवले के मार्गदर्शन में सामूहिक योगाभ्यास आयोजित हुआ। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं नागरिकों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। साथ ही योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ, संतुलित और तनावमुक्त जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
योग सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ विभिन्न आसनों का अभ्यास किया। विद्यालय परिसर में सकारात्मक ऊर्जा और स्वास्थ्य चेतना का वातावरण देखने को मिला। प्रशिक्षक ने बताया कि आधुनिक जीवनशैली से उत्पन्न अनेक शारीरिक और मानसिक समस्याओं से बचाव के लिए योग एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतिदिन योग करने और इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित नगर परिषद भुआ-बिछिया की अध्यक्षा श्रीमती रजनी मरावी ने सभी उपस्थित जनों को स्वस्थ, निरोगी एवं सशक्त भारत के निर्माण का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व स्वीकार कर रहा है। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक समग्र पद्धति है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करती है।
इस अवसर पर समाजसेवी एवं पूर्व विधायक प्रतिनिधि डॉ. विजय आनंद मरावी, जगमण्डल बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष अशोक नानकानी, व्यवस्थापक रिखीराम परस्ते, समाजसेवी विजेन्द्र कोकड़िया तथा नीरज भट्ट सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने योग को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं को इसके प्रति जागरूक करने की आवश्यकता पर बल दिया।विद्यालय के प्रबंधक राम बहोरी पटेल ने अपने संबोधन में योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित योगाभ्यास करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। साथ ही कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का समापन शांति मंत्र के साथ हुआ। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, उत्साह और योग के प्रति जागरूकता का वातावरण बना रहा। विश्व योग दिवस के इस आयोजन ने विद्यार्थियों एवं नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
