मवई मर्डर केस में बड़ा खुलासा! हादसा या हत्या?

Revanchal
4 Min Read

दोबारा पोस्टमार्टम से खुलेगा राज

परिजनों ने पुलिस जांच पर उठाए सवाल, बोले— एक्सीडेंट नहीं, गला घोंटकर की गई हत्या

दैनिक रेवांचल टाइम्स | मंडला
मवई थाना क्षेत्र के सारसडोली मार्ग पर मड़वा गांव के पास दो जून को संदिग्ध परिस्थितियों में मिली युवती की लाश का मामला अब नया मोड़ ले चुका है। जिस मौत को शुरुआती जांच में सड़क हादसा बताया गया था, अब उसी मामले में हत्या की आशंका गहरा गई है।
मृतका के परिजनों ने पुलिस की जांच पर गंभीर सवाल उठाते हुए साफ कहा है कि यह कोई सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है। उनका आरोप है कि युवती का पहले गला दबाकर हत्या की गई और बाद में शव सड़क किनारे फेंककर पूरे मामले को हादसे का रूप देने की कोशिश की गई।

पीएम रिपोर्ट पर उठे सवाल

परिजनों का कहना है कि मृतका के गले पर रस्सी या तार जैसे निशान साफ दिखाई दे रहे थे, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसका उल्लेख नहीं किया गया। इसको लेकर पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर वैभव पटेल की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
परिजनों ने आरोप लगाया कि उत्तम माठले नामक व्यक्ति ने युवती की हत्या की है। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और सभी पहलुओं की बारीकी से जांच जरूरी है।

पुलिस पर जल्दबाजी का आरोप

परिजनों का आरोप है कि मंडला पुलिस और भूतपूर्व थाना प्रभारी प्रताप सिंह मरकाम ने मामले की गंभीरता को नजरअंदाज किया। शुरुआती दौर में ही इसे सड़क हादसा मानकर केस बंद करने की कोशिश की गई। जब परिवार लगातार हत्या की आशंका जता रहा था, तब विस्तृत जांच क्यों नहीं की गई— यह सबसे बड़ा सवाल बन गया है।
तत्कालीन थाना प्रभारी प्रताप सिंह मरकाम की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। परिजनों का कहना है कि यदि शुरुआत से निष्पक्ष जांच होती, तो शायद सच्चाई पहले ही सामने आ जाती।

स्कूटी बनी सबसे बड़ा सवाल

मामले में सबसे चौंकाने वाला तथ्य यह सामने आया कि जिस स्कूटी को हादसे का आधार बताया गया, उसमें न कोई बड़ा नुकसान मिला और न ही गंभीर स्क्रैच के निशान दिखाई दिए। ऐसे में सड़क दुर्घटना की थ्योरी पर सवाल और गहरे हो गए हैं।

शव दोबारा निकाला गया

न्याय की मांग को लेकर परिजनों ने बिछिया एसडीएम कार्यालय में आवेदन दिया, जिसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में मृतका के शव को दोबारा जमीन से बाहर निकालकर पुनः पोस्टमार्टम के लिए बिछिया स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

अब सभी की नजर दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे इस मौत का असली सच सामने आने की उम्मीद है।

परिजन बोले— न्याय चाहिए

समीक्षा बघेल (परिजन) ने कहा—
“हम अपनी बहन को न्याय दिलाने के लिए दोबारा पोस्टमार्टम करवा रहे हैं। अभी तक पुलिस की ओर से ऐसा कोई ठोस सबूत नहीं दिया गया जिससे लगे कि यह सड़क हादसा था। हमें निष्पक्ष जांच चाहिए।”

परिजनों के द्वारा संदेह जताया गया, जिसके बाद में बिछिया SDM बिछिया के आदेश पर फिर से दोबारा मृतिका का पीएम करवाया जा रहा हैं। दोबारा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही कोई कार्यवाही की जायेगी।
आरती तेकाम
वर्तमान थाना प्रभारी मवई

हमारी निगरानी में पोस्टमार्टम दोबारा से बिछिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लेजाकर किया गया हैं, पोस्टमार्टम कर अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों को सौंप दिया गया हैं।

डॉ. अजय तोष मरावी

👁️ 12 views Views
Share This Article
Translate »