परिजनों और मित्रों ने माला पहनाकर दी भावभीनी विदाई, देश की सुख-समृद्धि और विश्व शांति की मांगी दुआ
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
आस्था, श्रद्धा और अटूट विश्वास के माहौल में आज छिंदवाड़ा के ‘स्टेडियम ग्रुप’ का एक विशाल जत्था पवित्र श्री अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुआ। यात्रा पर निकलने से पहले पूरा माहौल “हर-हर महादेव” और “जय बाबा बर्फानी” के गगनभेदी नारों से गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ का स्मरण कर अपनी यात्रा के सुखद, सुरक्षित और मंगलमय होने की कामना की।
फूल-मालाओं से हुआ भव्य स्वागत
इस पावन यात्रा पर प्रस्थान करने से पूर्व स्टेडियम ग्रुप के सदस्यों का उनके परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। सभी यात्रियों को पुष्पमालाएं पहनाई गईं और तिलक लगाकर विदा किया गया। विदाई के समय श्रद्धालुओं में बाबा बर्फानी के दर्शन को लेकर एक अलग ही उत्साह, ऊर्जा और श्रद्धा देखने को मिल रही थी।
देश और समाज के कल्याण की प्रार्थना
जत्थे में शामिल श्रद्धालुओं ने बताया कि वे बाबा बर्फानी के दरबार में न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे देश, प्रदेश और समाज की सुख-समृद्धि, उन्नति तथा विश्व शांति के लिए विशेष प्रार्थना करेंगे।
ये श्रद्धालु हुए रवाना
स्टेडियम ग्रुप के इस जत्थे में मुख्य रूप से बबलू, अर्पित, पवन, कमलेश, बबन विश्वकर्मा, श्याम वर्मा, अरविंद माहौरे, सोनू, चंद्रकांत, नरेंद्र बचले, राजकुमार, संजू बाबा, मधु , ज्ञानी , पाल साहब एवं आकाश सहित ग्रुप के कई अन्य सदस्य व श्रद्धालु शामिल हैं।
श्रद्धा और भक्ति रस से सराबोर यह जत्था बाबा अमरनाथ के दिव्य दर्शन कर सकुशल और सानंद वापस लौटे, इसी मंगलकामना के साथ शहरवासियों ने पूरे जत्थे को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
