रेवांचल टाइम्स नारायणगंज,मंडला 6 जुलाई 2026। थाना टिकरिया पुलिस द्वारा साइबर अपराधों से सुरक्षा एवं जागरूकता के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “सेफ क्लिक 2.0” के तहत आज जनपद पंचायत नारायणगंज में जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान समय में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, जिनसे बचाव के लिए सतर्कता और जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी लिंक, ओटीपी शेयरिंग, बैंकिंग धोखाधड़ी, सोशल मीडिया हैकिंग एवं डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से बचने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।
पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों को बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है, तो वह तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करा सकता है। साथ ही एनसीआरपी (National Cyber Crime Reporting Portal) के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में लोगों से अपील की गई कि वे किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, अपनी बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा साइबर अपराध से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दें। जनजागरूकता कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
