बिछिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध गांजा की खेती का भंडाफोड़, 107 पौधे जब्त, आरोपी गिरफ्तार

Revanchal
2 Min Read


दैनिक रेवांचल टाइम्स बिछिया (मंडला)। मध्य प्रदेश शासन के “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत थाना बिछिया पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम चंदिया में अवैध गांजा की खेती का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 107 गांजा के पौधे बरामद किए हैं, जिनका कुल वजन 36.980 किलोग्राम एवं अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 2 लाख रुपये है।


पुलिस अधीक्षक मंडला श्री राजेश रघुवंशी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिवकुमार वर्मा तथा एसडीओपी बिछिया श्री सौरव तिवारी के मार्गदर्शन में थाना बिछिया पुलिस को 18 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम चंदिया निवासी भंगी सिंह राजपूत (68 वर्ष) अपने घर के पीछे स्थित बाड़ी में अवैध रूप से गांजा की खेती कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर कार्रवाई की और मौके से गांजा के 107 पौधे बरामद किए।


पूछताछ के दौरान आरोपी गांजा की खेती से संबंधित कोई वैध अनुमति या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने समस्त पौधों को विधिवत जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर ,उसके विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20 एवं 8(b)/20(a)(i) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
जिला पुलिस मंडला द्वारा चलाए जा रहे “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत नशे के अवैध कारोबार, परिवहन, बिक्री एवं खेती में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आमजन, विशेषकर युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान भी संचालित किए जा रहे हैं।


इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रंजीत सिंह सैयाम के नेतृत्व में सउनि शिवशंकर सिंह राजपूत, सउनि जगदीश धूमकेती, प्रधान आरक्षक उगेश कुमार सरौते, रायसिंह मरावी, जितेंद्र परते, अजय झारिया तथा आरक्षक अमृत सिंह मेरावी, गजरूप उद्दे, मानसिंह परस्ते एवं संगीता मरकाम की सराहनीय भूमिका रही।

👁️ 68 views Views
Share This Article
Translate »