रविवार को अभिषेक हेतु नर्मदा जल लेने रवाना हुआ दल
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
शहर के हृदय स्थल छोटी बाजार स्थित श्री सत्यधर्म मंडल श्री राम मंदिर ट्रस्ट द्वारा सावन माह के पावन अवसर पर प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी भगवान भोलेनाथ के भव्य महारुद्राभिषेक का ऐतिहासिक आयोजन किया जा रहा है, जिसकी तैयारियों के अंतर्गत रविवार को अभिषेक हेतु पुण्य सलिला माँ नर्मदा जी का पवित्र जल लाने के लिए श्रद्धालुओं का एक विशेष दल रवाना हो गया है।
इस दल में प.नंदकिशोर शास्त्री, जितेंद्र सोनी, मनोज चौरसिया, राकेश साहू में शामिल रहे।
आगामी 30 जुलाई से प्रारंभ होने वाले इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान को लेकर संपूर्ण क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और इस पूरे आयोजन में नर्मदा जल से ही बाबा भोलेनाथ का अभिषेक किया जाएगा। ट्रस्ट के अध्यक्ष मुकुल सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह धार्मिक अनुष्ठान सावन के पूरे महीने प्रतिदिन प्रातः 6:30 बजे से पूर्ण विधि-विधान और वैदिक रीति से संपन्न होगा, जिसके लिए विशेष रूप से काशी से पधारे प्रसिद्ध वेदाचार्य पं. नंदकिशोर शास्त्री उपस्थित रहेंगे। वहीं ट्रस्ट के सचिव सतीश दुबे लाला ने बताया कि पिछले 30 से अधिक वर्षों से समिति द्वारा इस गौरवशाली परंपरा का निर्वाह किया जा रहा है और धर्मप्रेमियों की सुविधा के लिए यह महारुद्राभिषेक पूरे माह पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। इस वर्ष के अनुष्ठान की भी मुख्य विशेषता यह होगी कि सावन के प्रत्येक सोमवार को विभिन्न पवित्र ज्योतिर्लिंगों के प्रतिरूप का निर्माण किया जाएगा, जिसमें प्रथम सोमवार को बाबा अमरनाथ जी, द्वितीय सोमवार को उज्जैन के बाबा महाकाल जी, तृतीय सोमवार को महाराष्ट्र के नासिक में विराजित त्र्यंबकेश्वर जी और चौथे सोमवार को नेपाल की राजधानी काठमांडू के बाबा पशुपतिनाथ जी के दिव्य स्वरूप में रुद्राभिषेक संपन्न होगा। इन व्यवस्थाओं में सत्यधर्म मंडल के उपाध्यक्ष निक्की विश्वकर्मा, आशु चौरसिया, सुभाष साहू, अनिल सोनी एवं राहुल राजपूत सहित अन्य सेवादार अपनी सेवाएं दे रहे है। श्री सत्यधर्म मंडल श्री राम मंदिर ट्रस्ट ने समस्त माता-बहनों, धर्मप्रेमी बंधुओं और नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मंदिर प्रांगण पहुंचकर इस महाआयोजन का हिस्सा बनने और पुण्य लाभ अर्जित करने का सादर आग्रह किया है।
