खबर चलने का असर- 2 साल से बंद पड़े बोर से फिर निकला पानी, लेकिन संकट अभी बाकी

Revanchal
3 Min Read

रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा

बटकाखापा के शिवनगर कॉलोनी में लंबे समय से चली आ रही पानी की गंभीर समस्या को लेकर रेवांचल टाइम्स ने कल के अंक में प्रकाशित खबर का अब असर दिखाई देने लगा है। वर्षों से जल संकट से जूझ रहे कॉलोनीवासियों को आंशिक राहत जरूर मिली है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान अभी भी अधर में लटका हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब तीन वर्ष पूर्व कॉलोनी में एक बोर करवाया गया था, लेकिन उसमें पर्याप्त पानी नहीं निकलने के कारण उसे बंद कर दिया गया था। समय के साथ यह बोर बेकार पड़ा रहा और लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता रहा।

भीषण गर्मी के इस दौर में, जब जल संकट अपने चरम पर है, तब प्रशासन और स्थानीय स्तर पर प्रयास करते हुए उसी बंद पड़े बोर में दोबारा मोटर डालकर पानी निकालने की कोशिश की गई। इस प्रयास में कुछ सफलता भी मिली मोटर करीब आधे घंटे से एक घंटे तक चली, जिससे लोगों को थोड़ी राहत महसूस हुई और उम्मीद जगी कि अब स्थिति सुधर सकती है।

हालांकि, यह राहत ज्यादा समय तक टिक नहीं सकी। बिजली (करंट) की अनियमितता के कारण मोटर को लगातार नहीं चलाया जा सका, जिससे पानी की आपूर्ति बाधित हो गई। वर्तमान में स्थिति यह है कि बोर से पानी निकलने की संभावना तो बनी है, लेकिन तकनीकी और विद्युत समस्याओं के चलते इसका पूरा लाभ लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है।

कॉलोनी के रहवासियों का कहना है कि यदि बिजली सप्लाई को दुरुस्त कर नियमित रूप से मोटर चलाई जाए, तो इस जल संकट से काफी हद तक निजात मिल सकती है। लोगों की उम्मीद अब प्रशासन पर टिकी हुई है कि वह इस दिशा में जल्द ठोस कदम उठाएगा।


बड़ा सवाल
क्या प्रशासन समय रहते बिजली व्यवस्था को सुधारकर इस बोर से नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करेगा, या फिर यह प्रयास भी अन्य योजनाओं की तरह अधूरा ही रह जाएगा? फिलहाल, शिवनगर कॉलोनी के रहवासी एक स्थायी समाधान की आस लगाए बैठे हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि उनकी यह समस्या जल्द ही पूरी तरह समाप्त होगी।

👁️ 3 views Views
Share This Article
Translate »