प्रभारी मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने किया पांच सांदीपनी विद्यालयों के नवनिर्मित भवनों का लोकार्पण

Revanchal
6 Min Read


ग्रामीण विद्यार्थियों को मिलेगा आधुनिक शैक्षणिक वातावरण, पांच सांदीपनी विद्यालय राष्ट्र को समर्पित
पढ़ाई के लिए किसी भी विद्यार्थी की आर्थिक स्थिति बाधा नहीं बनने देंगे: विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे
डिंडौरी किसी भी क्षेत्र में पिछड़ा नहीं हैः प्रभारी मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी
विद्यालय का मूल उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों का समग्र विकास है: विधायक श्री ओमकार सिंह मरकाम
शिक्षा का मूल उद्देश्य एक बेहतर व्यक्तित्व और विकसित समाज का निर्माण


डिंडौरी, 15 जुलाई 2026
मध्यप्रदेश शासन की नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री तथा डिंडौरी जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने बुधवार को विकासखंड डिंडौरी के सांदीपनी विद्यालय नरिया में आयोजित समारोह में जिले के पांच सांदीपनी विद्यालयों के नवनिर्मित भवनों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में भी आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।


समारोह में सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, डिंडौरी विधायक श्री ओमकार सिंह मरकाम, शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रुद्रेश परस्ते, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अंजू ब्योहार, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति प्रकाश धुर्वे, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री चमरू सिंह नेताम, पूर्व जिला अध्यक्ष श्री नरेन्द्र राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिला प्रशासन की ओर से कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे, वनमंडलाधिकारी श्री अशोक सोलंकी, डिंडौरी एवं शहपुरा एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के साथ किया। इसके बाद मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का शुभारंभ हुआ। इस दौरान नरिया, धनुवासागर, चाँदरानी, खुड़िया एवं राई के सांदीपनी विद्यालयों के नवनिर्मित भवनों का लोकार्पण किया गया।
मुख्य अतिथि श्रीमती प्रतिमा बागरी ने कहा कि इन विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, खेल मैदान सहित आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे ग्रामीण विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, लाड़ली बहना योजना और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के हर वर्ग के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।


कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने बताया कि जिले में लगभग डेढ़ लाख विद्यार्थी अध्ययनरत हैं और उन्हें बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक विद्यालय विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 1 जुलाई से 30 अक्टूबर तक वनग्रामों के वनाधिकार पत्रों के निराकरण का विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। साथ ही एचपीवी टीकाकरण अभियान में डिंडौरी जिले को प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त होने की जानकारी भी दी।
डिंडौरी विधायक श्री ओमकार सिंह मरकाम ने कहा कि जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों से डिंडौरी एवं समनापुर विकासखंड में दो-दो सांदीपनी विद्यालय स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के आवागमन के लिए बस सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने जिले में संचालित “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान की सराहना करते हुए समाज को नशामुक्त बनाने का आह्वान किया।


शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि जिले में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। बेहतर विद्यालय भवन एवं आधुनिक सुविधाएं विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करेंगी। उन्होंने कहा कि जिले में विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विस्तार से विद्यार्थियों को अब उच्च शिक्षा के लिए अन्य जिलों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता।


सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि सांदीपनी विद्यालयों की स्थापना से जिले में शिक्षा की गुणवत्ता में व्यापक सुधार होगा। उन्होंने चिकित्सा एवं तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में हो रही प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि जल जीवन मिशन के माध्यम से हर घर तक पेयजल पहुंचाने का कार्य भी प्रभावी ढंग से किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस श्री अधीक्षक आशीष खरे ने उपस्थित सभी लोगों को “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत नशामुक्ति की शपथ दिलाई। इसके बाद जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विद्यालय भवन का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों के साथ मध्यान्ह भोजन ग्रहण किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिले में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को हितलाभ सामग्री एवं स्वीकृति पत्रों का वितरण भी किया गया।
समारोह के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों ने शासन द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि आधुनिक सांदीपनी विद्यालय ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों को नई संभावनाएं प्रदान करेंगे और जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को नई दिशा मिलेगी।

👁️ 28 views Views
Share This Article
Translate »