छिंदवाड़ा में भाजपा की पत्रकार वार्ता नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर कांग्रेस और इंडी गठबंधन को घेरा
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
जितेन्द्र अलबेला
महिलाओं के अधिकारों से खिलवाड़ करने वालों को नारी शक्ति देगी करारा जवाब मंजरी जैन
भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश की प्रदेश प्रवक्ता मंजरी जैन एवं भारतीय जनता पार्टी छिंदवाड़ा के जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने भाजपा जिला कार्यालय छिंदवाड़ा में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। पत्रकार वार्ता का स्वागत उद्बोधन भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने किया। प्रेस वार्ता के दौरान संचालन प्रदेश प्रवक्ता अजय धवले द्वारा किया गया।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रवक्ता मंजरी जैन ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम को प्रभावी बनाने वाले 131वें संविधान संशोधन विधेयक पर लोकसभा में विपक्ष का रवैया देश की महिलाओं के सम्मान, अधिकार और लोकतांत्रिक भागीदारी के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक संसदीय प्रक्रिया नहीं थी, बल्कि देश की आधी आबादी को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में उठाया गया ऐतिहासिक कदम था, जिसे विपक्ष ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के कारण बाधित करने का प्रयास किया।
जैन ने कहा कि कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी, समाजवादी पार्टी और पूरे इंडी गठबंधन ने इस विधेयक का विरोध कर अपनी महिला विरोधी मानसिकता उजागर कर दी है। यह केवल एक विधेयक का विरोध नहीं, बल्कि करोड़ों महिलाओं के अधिकारों और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है। सबसे दुर्भाग्यपूर्ण यह रहा कि विपक्ष ने इस पूरे घटनाक्रम पर जश्न मनाया, जो देश की प्रत्येक महिला का अपमान है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और इंडी गठबंधन के नेताओं ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उनके लिए महिला सशक्तिकरण केवल चुनावी नारा है, वास्तविक प्रतिबद्धता नहीं। कांग्रेस का इतिहास महिलाओं के अधिकारों का विरोध करने का रहा है। शाहबानो प्रकरण, तीन तलाक और अनुच्छेद 370 से प्रभावित कश्मीरी महिलाओं के अधिकारों के मुद्दे पर भी कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं के हितों के विरुद्ध खड़े होकर अपनी सोच स्पष्ट की है।
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं के राजनीतिक अधिकारों पर दशकों तक अहसान जताया, लेकिन जब संसद में महिलाओं की आकांक्षाओं को सम्मान देने का अवसर आया, तब विपक्ष ने ठहाके लगाए, मेज थपथपाई और विरोध कर अपनी संवेदनहीनता का परिचय दिया। जो महिलाएं वर्षों से 33 प्रतिशत आरक्षण की मांग कर रही थीं, उन्हें वंचित रखने पर विपक्ष का उत्सव मनाना लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।
जैन ने कहा कि भारत के संविधान के अनुसार लोकसभा और विधानसभाओं का पुनर्गठन जनगणना के बाद परिसीमन आयोग द्वारा किया जाता है। वर्ष 2001 की जनगणना के बाद श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने 2026 के बाद पहली जनगणना तक परिसीमन स्थगित रखने का निर्णय लिया था, ताकि दक्षिणी राज्यों को संभावित नुकसान से बचाया जा सके। इसके बावजूद विपक्ष जानबूझकर भ्रम फैलाकर महिलाओं के अधिकारों के इस विषय को भटकाने की कोशिश कर रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने महिलाओं को केवल सम्मान ही नहीं दिया, बल्कि उन्हें वास्तविक रूप से सशक्त भी किया है। महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का मार्ग प्रशस्त किया, तीन तलाक से मुक्ति दिलाई, घर-घर शौचालय बनवाकर सम्मान सुनिश्चित किया, जनधन खातों के माध्यम से आर्थिक सशक्तिकरण किया तथा स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया। भाजपा ने केवल कहा नहीं, बल्कि करके भी दिखाया है।
मंजरी जैन ने तीखे शब्दों में कहा कि “कांग्रेस महिलाओं से माफी मांगे, रैली नहीं माफी रैली निकाले।” उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी विरोध करते-करते विपक्ष अब नारी विरोधी बन चुका है। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि जब-जब नारी का अपमान हुआ है, तब-तब नारी शक्ति ने कमान संभालकर नया इतिहास रचा है।
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि देश की 70 करोड़ महिलाएं इस पूरे घटनाक्रम को देख रही हैं, समझ रही हैं और इसे याद रखेंगी। महिलाओं के अधिकारों का विरोध करने वालों को हर चुनाव में, हर स्तर पर और हर स्थान पर जवाब मिलेगा। अब यह विषय केवल संसद तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जन-जन का मुद्दा बनेगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिला सशक्तिकरण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और नारी सम्मान की इस लड़ाई को संसद से लेकर समाज तक पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ाती रहेगी।
इस अवसर पर सौसर नगर पालिका अध्यक्ष सुरेखा इंदरचंद डागा, माया राउत, भारती साहू, आरती खंडेलवाल, अमिता वरैया, जिला सह मीडिया प्रभारी विक्रम सोनी एवं रोशन सिगनापुरे उपस्थित रहे।
