रोजगार पर भ्रम नहीं, तथ्य बोलते हैं; निवेश के लिए नीयत और नीति दोनों चाहिए शेषराव यादव
आंकड़ों पर भ्रम फैलाने से युवाओं का भविष्य नहीं बनता, कांग्रेस पहले अपने कार्यकाल का हिसाब दे शेषराव यादव
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा प्रदेश में स्नातक बेरोजगारों की संख्या को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि चिंता व्यक्त करना आसान है, लेकिन समाधान देना ही सुशासन की पहचान है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जबकि कांग्रेस केवल भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है।
भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि कमलनाथ को पहले अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल का मूल्यांकन करना चाहिए। यदि उन्होंने अपने शासनकाल में उद्योग, निवेश और रोजगार के क्षेत्र में प्रभावी एवं स्थायी कार्य किए होते तो आज इस प्रकार के आरोप लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
उन्होंने कहा कि रोजगार कार्यालय में पंजीकृत आंकड़ों को बेरोजगारी का अंतिम और वास्तविक पैमाना बताना तथ्यात्मक रूप से सही नहीं है। रोजगार कार्यालय में पंजीयन केवल नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं का एक प्रशासनिक रिकॉर्ड होता है। अनेक मामलों में युवाओं को रोजगार प्राप्त हो जाने के बाद भी वे अपना पंजीयन निरस्त नहीं कराते अथवा रोजगार कार्यालय में अपनी जानकारी अपडेट नहीं करते, जिसके कारण उनके नाम सूची में बने रहते हैं। ऐसे में केवल पंजीयन संख्या के आधार पर बेरोजगारी बढ़ने का निष्कर्ष निकालना भ्रामक है। वास्तविक स्थिति का आकलन रोजगार सृजन, स्वरोजगार, कौशल विकास और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों सहित अनेक मानकों के आधार पर किया जाता है।
भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि निवेश केवल बड़े-बड़े दावों, फिल्मी आयोजनों या मंचों पर हीरो-हीरोइनों के साथ फोटो खिंचवाने और प्रचार करने से नहीं आता। निवेशकों का विश्वास सुशासन, पारदर्शी नीतियों, मजबूत कानून-व्यवस्था, बेहतर आधारभूत संरचना और उद्योग-अनुकूल वातावरण से बनता है। यदि केवल ऐसे आयोजनों से निवेश आता, तो कमलनाथ के कार्यकाल में मध्यप्रदेश उद्योग और रोजगार का सबसे बड़ा केंद्र बन गया होता।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में निवेश, औद्योगिक विकास, स्टार्टअप, एमएसएमई, कौशल विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट तथा नई औद्योगिक नीतियों के माध्यम से प्रदेश में निवेश का अनुकूल वातावरण तैयार हुआ है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि कांग्रेस के पास युवाओं को देने के लिए कोई सकारात्मक दृष्टि नहीं है, इसलिए वह अधूरी और भ्रामक जानकारी के आधार पर प्रदेश की जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। भारतीय जनता पार्टी मानती है कि विपक्ष का दायित्व केवल आरोप लगाना नहीं, बल्कि तथ्यों के आधार पर रचनात्मक सुझाव देना भी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हमारा लक्ष्य केवल आंकड़ों की राजनीति करना नहीं, बल्कि प्रत्येक युवा को रोजगार, स्वरोजगार और आत्मनिर्भर बनने के अवसर उपलब्ध कराना है। प्रदेश विकास और रोजगार की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है और कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को जनता भली-भांति समझ चुकी है।
