बैडमिंटन का महाकुंभ 2 अगस्त से चांदामेटा में सजेगा जूनियर और सीनियर शटलर्स का मेला

Revanchal
2 Min Read

​स्वर्गीय नरेश सोनी की स्मृति में जिला स्तरीय चैंपियनशिप का आयोजन

​ग्वालियर में होने वाली राज्य स्तरीय स्पर्धा के लिए होगा खिलाड़ियों का चयन

रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा ​

कोयलांचल और छिंदवाड़ा जिले के बैडमिंटन प्रेमियों के लिए एक बड़ी खबर है। खेल भावना और रोमांच से भरपूर जिला स्तरीय जूनियर व सीनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप का भव्य आगाज 2 अगस्त से वर्कर्स क्लब, चांदामेटा के इंडोर बैडमिंटन हॉल में होने जा रहा है।
​जिला बैडमिंटन संघ के मार्गदर्शन और वर्कर्स क्लब चांदामेटा के विशेष सहयोग से आयोजित यह चैंपियनशिप बैडमिंटन के भूतपूर्व चैंपियन स्व. नरेश सोनी की स्मृति में आयोजित की जा रही है। आयोजन समिति के जॉय पत्रा और मंगेश मूंदेकर ने बताया कि इस ‘बैडमिंटन के महाकुंभ’ में पूरे जिले से प्रतिभावान जूनियर और सीनियर खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का हुनर दिखाएंगे।

खिलाड़ियों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं और आकर्षक पुरस्कार
आयोजन समिति के सुनील देवार एवं अंशुल जैन ने जानकारी दी कि स्पर्धा में हिस्सा लेने वाले सभी शटलर्स के लिए समिति द्वारा उच्च स्तरीय व्यवस्थाएं की गई हैं। टूर्नामेंट के विजेता एवं उप-विजेता खिलाड़ियों को वर्कर्स क्लब बैडमिंटन आयोजन समिति की ओर से आकर्षक पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।

​राज्य स्तरीय स्पर्धा ग्वालियर के लिए होगा चयन
जिला बैडमिंटन संघ के पदाधिकारी इंद्रजीत सिंह बैंस ने बताया कि यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा मंच साबित होगी। इस स्पर्धा के सीनियर वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी समय में ग्वालियर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।

​संपर्क सूत्र
प्रतियोगिता से जुड़ी अधिक जानकारी व पंजीयन के लिए जिला बैडमिंटन संघ के सचिव जावेद खान, तरुण विश्वकर्मा, अमित सोनी, अरविंदन गिरहटकर, प्रमोद वर्मा, दीपेश अग्रवाल, अंकुर खतारे तथा रत्नेश दुबे से संपर्क किया जा सकता है।

👁️ 1 views Views
Share This Article
Translate »