दैनिक रेवांचल टाइम्स अमलाई। आगामी 2027 में होने वाले नगरीय निकाय चुनावों को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस पार्टी ने अपनी जमीनी तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी सिलसिले में बरगवां अमलाई की नगर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती अर्चना अजय यादव के निवास स्थान पर एक महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में मुख्य रूप से आगामी चुनावों की रणनीतियों, वार्ड स्तर पर पार्टी की मजबूती और मंडल कांग्रेस कमेटियों के पुनर्गठन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और स्थानीय नेता शामिल हुए। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी अनूपपुर के अध्यक्ष श्री श्याम कुमार गुड्डू चौहान, जिला कांग्रेस कमेटी अनूपपुर के पूर्व अध्यक्ष श्री रमेश कुमार सिंह एवं अनूपपुर के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्री गुलाब पटेल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इन वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान किया।इसके साथ ही बैठक में संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मानवेंद्र मिश्रा, एनएसयूआई (NSUI) के पूर्व जिलाध्यक्ष रफ़ी अहमद, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष श्री अमरजीत सिंह और जिला कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष बृजेंद्रकांत तिवारी ने भी अपने विचार साझा किए।
नेताओं ने कहा कि पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत करना और जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना ही आगामी चुनाव में जीत की कुंजी होगी।बैठक के दौरान जिला कांग्रेस सचिव श्रीमती गरिमा सिंह, बरगवां के मंडलम कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र यादव और देवहरा के मंडलम कांग्रेस अध्यक्ष दिलेंद्र पाठक सहित युवा कांग्रेस अनूपपुर विधानसभा अध्यक्ष भी मौजूद रहे। सभी पदाधिकारियों ने आगामी कार्ययोजना पर सहमति जताई और चुनाव में पूरी ताकत झोंकने का संकल्प लिया।
