क्षेत्रीय कुर्मी समाज ने बनाई कार्ययोजना
मंडला के ग्राम अंजनिया में हुई बैठक में मास्टर ट्रेनर्स समिति का गठन, राम नारायण पटेल बने नगर अध्यक्ष
दैनिक रेवांचल टाइम्स, अंजनिया।
समाज को संगठित एवं जागरूक बनाने की दिशा में क्षेत्रीय कुर्मी समाज ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए गांव-गांव संविधान जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसके लिए संविधान कैडर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे समाज के लोगों, विशेषकर युवाओं को संविधान के मूल्यों, अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी दी जा सके।
इसी उद्देश्य को लेकर रविवार, 2 अगस्त को अंजनिया स्थित सामुदायिक भवन में सम्मानित सुशील पटेल (सेवानिवृत्त सहायक आयुक्त) की अध्यक्षता में क्षेत्रीय कुर्मी समाज की बैठक संपन्न हुई। बैठक में एजेंडे के अनुसार विभिन्न सामाजिक एवं संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। विचार-विमर्श के उपरांत सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि गांव-गांव संविधान कैडर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए मास्टर ट्रेनर्स की एक समिति का गठन किया गया। समिति में श्री सुशील पटेल (माँद), राम प्रभात पटेल (खामटीपुर), रामभजन पटेल (खामटीपुर), जयनारायण पटेल (अंजनिया), के.एल. पटेल (अंजनिया), निर्मल पटेल (नारा), वीरेंद्र पटेल (अंजनिया), विनोद पटेल (अंजनिया), मचल पटेल (केवलारी) एवं कुंज बिहारी पटेल (अंजनिया) को शामिल किया गया है। समिति की अगली बैठक 8 अगस्त को अंजनिया में आयोजित होगी, जिसमें प्रशिक्षण के विषयों एवं कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।
बैठक में कुर्मी समाज विकास संगठन, मंडला के जिला अध्यक्ष एडवोकेट सी.बी. पटेल की विशेष उपस्थिति रही। इस दौरान संगठन के विस्तार को लेकर भी निर्णय लिए गए। सर्वसम्मति से श्री राम नारायण पटेल को अंजनिया नगर इकाई का नगर अध्यक्ष मनोनीत किया गया। उपस्थित समाजजनों ने उनका स्वागत करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा सामाजिक एकता, शिक्षा एवं संवैधानिक जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।
बैठक का समापन समाजहित में एकजुट होकर कार्य करने तथा आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के संकल्प के साथ हुआ।
