सावन के पहले सोमवार पर वेदाचार्य पं. नंदकिशोर शास्त्री के सानिध्य में संपन्न हुआ महारुद्राभिषेक, सांवरिया सेठ की झांकी ने मोहा श्रद्धालुओं का मन
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
शहर के हृदय स्थल छोटी बाजार स्थित श्री सत्यधर्म मंडल द्वारा संचालित श्री राम मंदिर में सावन माह के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर भव्य धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वेदाचार्य पं. नंदकिशोर शास्त्री के पावन सानिध्य एवं मुख्य आचार्यात्व में भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महारुद्राभिषेक संपन्न कराया गया।
सत्यधर्म मंडल ट्रस्ट के अध्यक्ष मुकुल सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि सावन के प्रत्येक सोमवार को विभिन्न पवित्र ज्योतिर्लिंगों के दिव्य प्रतिरूप का निर्माण किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत आज प्रथम सोमवार को मंदिर परिसर में बाबा अमरनाथ जी की अत्यंत सुंदर एवं अलौकिक प्रतिकृति बनाई गई। इसके साथ ही आज के आयोजन में विशेष आकर्षण का केंद्र प्रभु श्री सांवरिया सेठ की भव्य झांकी रही, जिसके दर्शन कर सभी श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
उल्लेखनीय है कि प्रभु श्री सांवरिया सेठ राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में मंडफिया गांव के पास स्वयंभू रूप में विराजमान हैं। वे विश्व के एकमात्र ऐसे ठाकुर जी हैं, जिन्हें व्यापारी अपने व्यवसाय में साझीदार (पार्टनर) बनाते हैं। मान्यता है कि व्यापार में पार्टनर बनाने से सांवरिया सेठ बुरे से बुरे घाटे की स्थिति को भी सुधार कर व्यापार में बरकत लाते हैं, और मन्नत पूरी होने पर लोग अपने लाभ का एक निश्चित हिस्सा (जैसे 10% या अपनी इच्छानुसार) भगवान के चरणों में समर्पित कर मंगल की कामना करते हैं।
आज के इस पावन अवसर पर उपस्थित सभी धर्मप्रेमी बंधुओं, माताओं-बहनों एवं सेवादारों ने बाबा अमरनाथ जी की प्रतिकृति एवं सांवरिया सेठ की झांकी के दिव्य दर्शन किए तथा नर्मदा जल से भगवान शिव का अभिषेक कर सुख-समृद्धि एवं पुण्य लाभ अर्जित किया। आज के इस गरिमामय आयोजन में ट्रस्ट के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरा मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ तथा ‘जय श्री सांवरिया सेठ’ के जयकारों से गुंजायमान रहा।
