सड़को और नगर में आवारा पशुओं का आतंक, सड़क पर जाम की स्थिति, जान-माल का खतरा*

Revanchal
2 Min Read

दैनिक रेवाँचल टाईम्स – मंडला, नारायणगंज, नगर में आवारा पशुओं की बढ़ती संख्या आम नागरिकों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गई है। मुख्य मार्गों, बाजार क्षेत्र और व्यस्त सड़कों पर दिनभर आवारा बैलों और अन्य मवेशियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।

कुछ दिनों पहले नगर में बंदरों के झपटने के कारण एक व्यक्ति सीढ़ी से गिर गया था, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद भी नगर में आवारा पशुओं की समस्या पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। अब आवारा बैलों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों की चिंता और बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आवारा बैल अचानक सड़क पर आ जाते हैं, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को दुर्घटना का सामना करना पड़ता है। वहीं बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को भी सड़क पर निकलने में डर का माहौल बना रहता है।

नगरवासियों ने संबंधित प्रशासन और स्थानीय निकाय से मांग की है कि आवारा पशुओं को पकड़कर सुरक्षित गौशालाओं या निर्धारित स्थानों पर भेजा जाए, ताकि सड़क हादसों पर रोक लग सके और आमजन को राहत मिल सके।

नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई कर नगर को आवारा पशुओं के आतंक से मुक्त कराने की मांग की है।

👁️ 23 views Views
Share This Article
Translate »