रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर नगर में देशभक्ति का अद्भुत जज्बा देखने को मिला। शासन की मंशानुरूप अमरवाड़ा के स्टेडियम ग्राउंड में विभिन्न शासकीय उत्कृष्ट विद्यालयों, पीएम श्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मॉडल स्कूल एवं निजी शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राएं भारी संख्या में एकत्रित हुए। यहाँ से एक विशाल तिरंगा यात्रा का शुभारंभ हुआ, जो नगर के प्रमुख मार्गों से भ्रमण करती हुई जय स्तंभ गंज बाजार तक पहुंची।

पुष्प वर्षा से गूंजा अमरवाड़ा, बनी चर्चा का विषय
तिरंगा यात्रा जब थाना तिराहे के समीप पहुंची, तब श्री नटनी माई क्षेत्रीय सेवा समिति अमरवाड़ा के सदस्यों ने भारत माता के जयकारों के बीच राष्ट्रध्वज और यात्रा में शामिल विद्यार्थियों पर जोरदार पुष्प वर्षा की। समिति की इस अनूठी पहल और राष्ट्रभक्ति के प्रति सम्मान की पूरे क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। इस दौरान समिति के सदस्यों ने पुष्प वर्षा कर नगरवासियों को देशभक्ति और सामाजिक एकजुटता का प्रभावी संदेश दिया।

जनप्रतिनिधि और अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस भव्य आयोजन में अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक कमलेश प्रताप शाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। यात्रा में भारी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक और नागरिक कंधे से कंधा मिलाकर तिरंगा लहराते हुए चले।
समिति के प्रमुख सदस्य रहे मौजूद
तिरंगा यात्रा के स्वागत एवं पुष्प वर्षा के दौरान समिति के संस्थापक राधेश्याम सोनी, अध्यक्ष अरुण बूटी नेमा, संरक्षक बालकिशन साहू, सह-संरक्षक श्याम राजपूत, देवेंद्र जैन, सुमेर चंद साहू, ओमप्रकाश विश्वकर्मा, अनिल गेंदलाल साहू, संजय डेहरिया, धनराज सिंह चंदेल एवं कोषाध्यक्ष गणेश साहू सहित समिति के कई कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
