भाजपा कार्यालय में हुआ संत रविदास मंगल कलश पूजन एवं महारुद्राभिषेक

Revanchal
3 Min Read

दैनिक रेवाँचल टाईम्स – मंडला । संत शिरोमणि रविदास जी की मंगल यात्रा भोपाल से मंडला पहुंचा मंगल कलश गुरुवार को भाजपा जिला कार्यालय पहुंचा। यहां विधि-विधान से मंगल कलश पूजन के साथ भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री संपतिया उईके, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।  भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा के मार्गदर्शन में कार्यालय परिसर में पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन किया गया। पूजन की शुरुआत श्री गणेश के आव्हान के साथ हुई। इसके बाद भगवान शिव का दूध, दही, शहद सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों से अभिषेक किया गया। शिवलिंग पर बेलपत्र, धतूरा, पुष्प माला एवं रुद्राक्ष अर्पित किए गए। मुख्य आचार्य पंडित प्रमोद शुक्ल, पंडित राहुल दुबे एवं पंडित उपेंद्र उपाध्याय ने विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ रुद्राभिषेक और पूजन संपन्न कराया। इस दौरान भाजपा कार्यालय में धार्मिक वातावरण बना रहा। कार्यकर्ताओं ने भगवान भोलेनाथ और संत शिरोमणि रविदास जी के जयघोष लगाए।

संतों के सानिध्य में हुआ मंगल कलश पूजन

भोपाल से मंडला पहुंचे संत शिरोमणि रविदास मंगल कलश का पूजन संत साध्वी मनीषा दीदी, माँ रेवा आश्रम शिलपुरा एवं संत रामदास जी महाराज, सहस्त्रधारा आश्रम के सानिध्य में किया गया। मंगल कलश को आगामी चरण में मंडल एवं बूथ स्तर तक पहुंचाया जाएगा, जहां कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं द्वारा उसका विधिवत पूजन-अर्चन किया जाएगा।

गांव-गांव पहुंचेगा संत रविदास जी का संदेश

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास जी ने समाज को समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने की प्रेरणा देते हैं। मंगल कलश यात्रा के माध्यम से संत रविदास जी के संदेश को गांव-गांव और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

विचारों को पहुंचाया जायेगा जन-जन तक

भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने कहा कि संत रविदास जी का जीवन सामाजिक समरसता और मानवता के लिए समर्पित रहा। उनके विचार समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट होने की प्रेरणा देते हैं। मंडला में मंगल कलश का स्वागत और पूजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया है। अब इसे मंडल और बूथ स्तर तक पहुंचाकर व्यापक रूप से संत रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। पूजन-अर्चना के पश्चात उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण किया गया। इसके बाद मंगल कलश को आगामी यात्रा के लिए विधिवत पूजन-अर्चन कर रवाना किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के जिला एवं मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

👁️ 9 views Views
Share This Article
Translate »