बजाग। राशन वितरण में कथित अनियमितता से नाराज ग्राम सर्वाही के दर्जनों ग्रामीण मंगलवार दोपहर शहडोल-पंडरिया हाईवे पर बैठ गए। ग्रामीण करीब एक घंटे तक सड़क पर बैठे रहे, जिससे मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई और यातायात बाधित रहा। ग्रामीण दो महीने का राशन दिलाए जाने की मांग पर अड़े थे।
ग्रामीणों के अनुसार आमा डोंगरी लेंंपस अंतर्गत सर्वाही की राशन दुकान से दो महीने का राशन वितरित किया जाना था। इसके लिए सेल्समैन द्वारा उपभोक्ताओं से दो महीने का फिंगर लगवाया गया, लेकिन बाद में उन्हें केवल एक महीने का राशन दिया जा रहा था। एक माह का राशन नहीं मिलने और सेल्समैन से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उपभोक्ताओं का आक्रोश बढ़ गया। देखते ही देखते दर्जनों ग्रामीण सड़क पर बैठ गए और दोनों महीने का राशन उपलब्ध कराने की मांग करने लगे।
ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर सुनी समस्या
हाईवे पर ग्रामीणों के प्रदर्शन और जाम की जानकारी मिलते ही जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सचिन अग्रवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से सहजता से चर्चा करते हुए उनकी समस्या सुनी और समाधान का भरोसा दिलाया। खास बात यह रही कि सीईओ स्वयं ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठ गए और काफी देर तक उनके साथ चर्चा कर स्थिति को समझा।
अधिकारियों ने वितरण केंद्र में उपलब्ध राशन के आधार पर उपभोक्ताओं को दो-दो महीने का राशन उपलब्ध कराने के लिए प्रबंधक और सेल्समैन को निर्देशित किया। वहीं, जिन उपभोक्ताओं को उपलब्धता के अभाव में राशन नहीं मिल पाया, उन्हें राशन की आवक होने के बाद वितरण करने की बात कही गई। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और सड़क से हटकर अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
ग्रामीणों के सड़क पर बैठने से करीब एक घंटे तक शहडोल-पंडरिया हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। प्रदर्शन समाप्त होने के बाद मार्ग पर आवागमन सामान्य हो सका।
राशन वितरण में अनियमितता से भड़के सरवाही के ग्रामीण, हाईवे पर बैठे तो थम गया यातायात
👁️ 36 views Views
