सोशल मीडिया राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम – पवन पाटीदार

Revanchal
4 Min Read

भाजपा सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर मीट में जुटे जिले भर के कंटेंट क्रिएटर्स

रेवांचल टाइम छिंदवाड़ा

भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा द्वारा होटल सिल्वर शाइन, छिंदवाड़ा में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार उपस्थित रहे। उनके साथ प्रदेश उपाध्यक्ष राम पटेल, जय किशोर, राव उदयप्रताप सिंह, पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश मीडिया प्रभारी अनुज शंकरलाल पाटकर, संभाग प्रभारी अतीत पवार, जिला भाजपा सोशल मीडिया प्रभारी पीयूष बत्रा तथा ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष जगेंद्र अल्डक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिले भर के सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स, कंटेंट क्रिएटर्स एवं डिजिटल माध्यम से समाज में सकारात्मक कार्य करने वाले युवा बड़ी संख्या में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सोशल मीडिया क्रिएटर्स ने अपने अनुभव साझा किए। छिंदवाड़ा सोशल पेज के अंकित सेठिया ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से जनहितकारी एवं शासकीय योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में कंटेंट क्रिएटर्स महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

मशहूर गायक बादल भारद्वाज ने कहा कि वे रील्स के माध्यम से स्वच्छता एवं सामाजिक जागरूकता का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी कर्तव्य है।

‘अपना परासिया’ पेज के हेमंत सल्लाम ने कहा कि राष्ट्रहित में बनाए गए कंटेंट के कारण कई बार उन्हें ट्रोलिंग का सामना करना पड़ता है, लेकिन उनके लिए राष्ट्र सर्वोपरि है। वहीं परासिया के झुर्रे निवासी शुभ ने अपनी देहाती शैली के व्लॉग प्रस्तुत कर सभी उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

भाजपा सोशल मीडिया विभाग के जिला संयोजक पीयूष बत्रा ने कहा कि सोशल मीडिया आज केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक प्रभावी मंच बन चुका है। इसके माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति समाज और देश के लिए सकारात्मक योगदान दे सकता है। उन्होंने कहा कि कुछ देश विरोधी ताकतें सोशल मीडिया के जरिए अराजकता फैलाने का प्रयास करती हैं, जिनका सकारात्मक एवं राष्ट्रवादी सोच से जवाब देना प्रत्येक देशभक्त युवा का दायित्व है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में उपस्थित सभी सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स का वे हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा, “आप लोग मुझसे मिलने नहीं आए हैं, बल्कि मैं आप सबसे मिलने यहां आया हूं। सोशल मीडिया आज राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम बन चुका है। इसके जरिए समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने और जनजागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण कार्य किया जा सकता है।”

उन्होंने आगे कहा कि शासन की विभिन्न स्वरोजगार एवं उद्यमी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को ऋण एवं सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है। युवा इन योजनाओं का लाभ लेकर अपना स्वयं का व्यवसाय और रोजगार प्रारंभ कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि राष्ट्रहित और समाजहित को सर्वोपरि रखते हुए सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करें तथा अपनी प्रतिभा और डिजिटल क्षमता को जनकल्याण के कार्यों से जोड़ें।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से कार्यक्रम प्रभारी अंकित जैन, जबलपुर संभाग सहप्रभारी अर्पण मैद, जिला सहसंयोजक पवन गोस्वामी, राहुल शर्मा, अमन शुक्ला, सदस्य सुदेश नागवंशी, आयुष चौरसिया, पीयूष महोरे सहित जिले के अनेक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स एवं कंटेंट क्रिएटर्स उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग, जनजागरूकता, राष्ट्रहित एवं समाजहित के विषयों पर सार्थक संवाद स्थापित करना तथा युवाओं को डिजिटल माध्यम से समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करना रहा।

👁️ 1 views Views
Share This Article
Translate »