एडवेंचर, संस्कृति और नेतृत्व का संगम बना आई स्पोर्ट्स अकादमी का विशेष भ्रमण
खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर शिवतीर्थ टूरिज्म ने प्रमाण-पत्र एवं टी-शर्ट देकर किया सम्मानित
रेवांचल टाइम्स जुन्नारदेव
आई मार्शल आर्ट्स स्पोर्ट्स अकादमी, जुन्नारदेव द्वारा एक माह तक संचालित विशेष स्पोर्ट्स सेमिनार एवं समर कैंप के उपरांत खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से 19 जून को 20 खिलाड़ियों का दल शिवतीर्थ टूरिज्म, उमरी-सावनेर में आयोजित “लीडरशिप एंड पर्सनैलिटी डेवलपमेंट ट्रिप” में शामिल हुआ। यह विशेष शैक्षणिक एवं प्रेरणादायी भ्रमण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

भ्रमण से लौटे खिलाड़ियों को शिवतीर्थ टूरिज्म प्रबंधन द्वारा सहभागिता प्रमाण-पत्र एवं विशेष टी-शर्ट प्रदान कर सम्मानित किया गया। भ्रमण के दौरान खिलाड़ियों ने एडवेंचर जिपलाइन, रॉक क्लाइंबिंग, कमांडो नेट क्लाइंबिंग, हाई रोप, वुडन हैंगिंग ब्रिज, बर्मा ब्रिज, आर्चरी, एयर गन, 3-डी शो, वाटर पार्क, मनोरंजक झूलों तथा स्पिरिट, शिकारी, ड्रैगन, सोफा एवं बनाना राइड्स जैसी बोटिंग गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। साथ ही उन्हें राजस्थानी एवं जनजातीय संस्कृति को निकट से जानने और समझने का अवसर भी प्राप्त हुआ।साहसिक एवं सामूहिक गतिविधियों के माध्यम से खिलाड़ियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता, टीम भावना तथा सकारात्मक सोच का विकास हुआ। यह भ्रमण खेल प्रशिक्षण के साथ जीवन कौशल, व्यवहारिक शिक्षा और व्यक्तित्व विकास का प्रभावी माध्यम साबित हुआ।
इस अवसर पर शिवतीर्थ टूरिज्म के एक्टिविटी मैनेजर कैलाश कुमार पाटिल, इवेंट प्लानर प्रणाली ढोक एवं अन्य अधिकारियों ने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट व्यवहार, अनुशासन और सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए उन्हें “लीडरशिप एंड पर्सनैलिटी डेवलपमेंट ट्रिप” के सहभागिता प्रमाण-पत्र एवं स्मृति स्वरूप विशेष टी-शर्ट प्रदान की। अधिकारियों ने खिलाड़ियों के उत्साह, अनुशासन एवं सामूहिक सहभागिता की विशेष प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं मार्शल आर्ट्स कोच योगेश रुखमांगद ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं में नेतृत्व, आत्मविश्वास और जीवन मूल्यों के विकास का सशक्त माध्यम है।
ऐसे अनुभवात्मक भ्रमण खिलाड़ियों को नई चुनौतियों का सामना करने, सामूहिक नेतृत्व विकसित करने तथा बेहतर व्यक्तित्व निर्माण की प्रेरणा प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि इस भ्रमण ने खिलाड़ियों को खेल गतिविधियों के साथ-साथ व्यवहारिक ज्ञान, सांस्कृतिक समझ और जीवन कौशल सीखने का भी अवसर प्रदान किया।

