घुघरी बनेगी आदर्श ग्राम: मुख्यमंत्री वृन्दावन योजना’ के तहत पंचायत लर्निंग सेंटर की सौगात

रेवांचल टाइम्स घुघरी मंडला जिला पंचायत मंडला के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत घुघरी में विकास की एक नई पहल की शुरुआत हुई। ‘मुख्यमंत्री वृन्दावन ग्राम योजना’ के अंतर्गत आयोजित विशेष चौपाल में ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

इस अवसर पर ग्राम में ‘पंचायत लर्निंग सेंटर’ की स्थापना की घोषणा ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।चौपाल में अधिकारियों ने बताया कि घुघरी को योजना के तहत आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में समग्र विकास सुनिश्चित करना है, जिसमें आधारभूत संरचना, आजीविका संवर्धन, शिक्षा और सामाजिक सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।कार्यक्रम की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि पंचायत लर्निंग सेंटर की स्थापना का निर्णय रहा। यह सेंटर गांव में कौशल विकास और प्रशिक्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा। यहां युवाओं और महिलाओं को विभिन्न प्रकार के व्यावसायिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराए जाएंगे।

इससे ग्रामीणों को रोजगार के लिए शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर ही स्वरोजगार के अवसर सृजित होंगे।मुख्य कार्यपालन अधिकारी भावना भात्रवंशी ने कहा कि घुघरी को नई कार्यप्रणाली के तहत विकसित किया जाएगा, जिसमें सभी विभागों का समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा। जिला कार्यक्रम प्रबंधक उर्मिला मरावी ने योजनाओं के तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।

बैठक में कृषि, शिक्षा और राजस्व विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर विशेष बल दिया गया।चौपाल में विकासखंड और पंचायत स्तर के अनेक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इनमें विकास खंड शिक्षा अधिकारी एल. एस. उईके, कृषि विभाग अधिकारी अशोक भलावी, पटवारी आशीष रंगारी, सरपंच यशोदा मरावी तथा सचिव शिवकुमार बैरागी प्रमुख रूप से शामिल थे।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे और उन्होंने नई योजनाओं के प्रति उत्साह व्यक्त किया। ग्रामीणों का मानना है कि पंचायत लर्निंग सेंटर और मुख्यमंत्री वृन्दावन ग्राम योजना के माध्यम से घुघरी आत्मनिर्भर और आदर्श पंचायत के रूप में स्थापित होगी।

यह पहल निश्चित रूप से गांव के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Share This Article
Translate »