रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
जितेन्द्र अलबेला
माता-पिता की मामूली डांट से नाराज होकर घर छोड़ गई एक नाबालिग बालिका को देहात पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत सुरक्षित ढूंढ निकाला है। पुलिस की सक्रियता के चलते महज 19 दिनों के भीतर बालिका को छिंदवाड़ा के कुंडाली कला से दस्तयाब कर उसके परिजनों को सौंपा गया। अपनी लाडली को दोबारा सामने देख गरीब माता-पिता के चेहरे पर मुस्कान लौट आई।
क्या था मामला
जानकारी के अनुसार, गत 6 फरवरी को नाबालिग बालिका अपने घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। परिजनों की शिकायत पर 8 फरवरी को थाना देहात में मामला दर्ज किया गया। प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना प्रभारी गोविंद सिंह राजपूत ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया।
टीम की मेहनत लाई रंग
पुलिस टीम ने लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से बालिका को कुंडाली कला (छिंदवाड़ा) में लोकेट किया। 19 दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने बालिका को बरामद कर लिया। पुलिस अधीक्षक ने इस सराहनीय कार्य के लिए पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
