स्वयं सिद्ध इंस्टीट्यूट ऑफ पैरामेडिकल कॉलेज, में होली मिलन समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न

Revanchal
6
3 Min Read

रेवांचल टाइम्स मंडला स्वयं सिद्ध इंस्टीट्यूट ऑफ पैरामेडिकल कॉलेज में होली मिलन समारोह बड़े उत्साह, उमंग और पारंपरिक रंगों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं स्टाफ सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और परिसर में आपसी भाईचारे व सद्भाव का संदेश दिया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शरद नारायण खरे (प्राचार्य, जगन्नाथ मुनि चौधरी महिला महाविद्यालय, मंडला) की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा माँ सरस्वती के पूजन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर समस्त उपस्थितजनों ने ज्ञान एवं संस्कार की देवी से प्रार्थना कर आयोजन की सफलता की कामना की।

इसके पश्चात राजेंद्र मेहरा (ब्रा.को.) ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ एवं श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। स्वागत समारोह के दौरान तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा सभागार गूंज उठा।

मुख्य अतिथि खरे ने अपने संबोधन में होली के सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी मतभेद मिटाकर प्रेम और सौहार्द बढ़ाने का पर्व है। अपने प्रेरक विचारों के साथ-साथ उन्होंने हास्य कविताओं की प्रस्तुति देकर विद्यार्थियों का भरपूर मनोरंजन किया। उनकी कविताओं में सामाजिक संदेश के साथ हास्य का सुंदर समावेश था, जिसने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों के विशेष आग्रह पर उन्होंने एक मधुर गीत भी प्रस्तुत किया, जिससे वातावरण और भी आनंदमय हो उठा।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएँ दीं। मुख्य अतिथि ने भी विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों को गुलाल से तिलक कर बधाई दी। पूरा परिसर रंगों और मुस्कानों से सराबोर नजर आया।
समारोह के अंतिम चरण में डॉ. समीर साहू (प्रभारी प्राचार्य) ने आभार प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्य अतिथि, स्टाफ एवं विद्यार्थियों का कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर सुरेंद्र यादव, अमीषा विश्वकर्मा, शीतल यूके, राजकुमारी सलाम, वर्षा तिवारी, वंदना तिवारी, दीपेश खरे सहित समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि ने सभी को सुरक्षित एवं सावधानीपूर्वक होली मनाने का संदेश दिया। रंगों, संगीत और उत्साह से भरपूर यह होली मिलन समारोह सभी के लिए अविस्मरणीय बन गया।

Share This Article
Translate »